#अपराध

August 22, 2026

हिमाचल: पुलिस की आंखों के सामने शराब से भरी गाड़ी लेकर फरार हुआ शख्स, देखती रह गई खाकी

लोगों ने पकड़ी थी गाड़ी पुलिस के पहुंचने के बाद मौके से वाहन सहित फरार हुआ आरोपी

शेयर करें:

Kangra illegal liquor case

कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। ज्वालामुखी-चंबापत्तन सड़क पर रैंखा के पास कथित तौर पर अवैध शराब से भरी एक कार को लेकर हंगामा हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति पुलिस के सामने ही शराब से लदी कार लेकर फरार हो गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

 

मामले ने इसलिए भी तूल पकड़ लिया है क्योंकि जिस वाहन में बड़ी मात्रा में शराब होने की बात सामने आई, उसे पुलिस के मौके पर मौजूद रहने के बावजूद वहां से भगाकर ले जाया गया। वीडियो वायरल होने के बाद लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर पुलिस की मौजूदगी में आरोपी वाहन लेकर कैसे फरार हो गया।

शराब से भरी कार पकड़ी

जानकारी के अनुसार, ज्वालामुखी-चंबापत्तन सड़क पर रैंखा के पास कुछ लोगों ने एक टैक्सी कार को कथित तौर पर अवैध शराब की पेटियों के साथ पकड़ा था। वाहन का नंबर HP-01D-7129 बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: गर्भवती प्रेमिका को जूस में पिलाया ज*ह*र, खड्ड में दफन की देह; अब पूरी उम्र जेल में कटेगी

 

बताया गया कि कार के अंदर करीब 15 से 18 पेटियां शराब रखी हुई थीं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान वहां मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति कार में बैठा और उसे लेकर मौके से फरार हो गया। यानी जिस कार को अवैध शराब के साथ पकड़े जाने की सूचना पर पुलिस पहुंची थी, वही कार पुलिस की मौजूदगी के बीच वहां से निकल गई।

मौका देखकर आरोपी निकल गया?

घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं। वीडियो में कथित तौर पर शराब से लदी कार को मौके से जाते हुए देखा जा रहा है। लोगों का सवाल है कि अगर पुलिस को पहले ही वाहन में अवैध शराब होने की सूचना मिल चुकी थी और टीम मौके पर पहुंच गई थी, तो आखिर वाहन को सुरक्षित कब्जे में क्यों नहीं लिया जा सका? हालांकि, पूरे घटनाक्रम की वास्तविक परिस्थितियां पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी। वायरल वीडियो को लेकर भी आधिकारिक तौर पर सभी तथ्यों की पुष्टि होना बाकी है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में पैदल नशा सप्लाई करने निकला था 21 साल का युवक, ढेर सारे अफीम संग धरा

चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

मामले में ज्वालामुखी पुलिस ने शिकायतकर्ता अजय कुमार के बयान के आधार पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने शुकरदीन उर्फ पोडू, ईलामदीन उर्फ शहीदों, राशपाल और एक अज्ञात व्यक्ति को मामले में नामजद किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार व्यक्ति और शराब से लदी कार की तलाश की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में सरकारी ऑफिस बना मयखाना! पंचायत प्रतिनिधि सचिव संग छलका रहा था जाम; VIDEO वायरल

फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

एसपी देहरा संदीप धवल ने बताया कि पुलिस को मामले की जानकारी मिली है और संबंधित वाहन तथा अवैध शराब की रिकवरी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। वहीं, ज्वालामुखी थाना प्रभारी ने भी कहा कि मामला पुलिस के ध्यान में है और फरार आरोपी तथा वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आगामी कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख