मनाली। देश के अधिकांश राज्यों में इन दिनों भीषण गर्मी और हीटवेव लोगों का जीना मुहाल कर रही है, लेकिन हिमाचल प्रदेश का मौसम एक बार फिर अपने अनोखे अंदाज से लोगों को हैरान कर रहा है। जिस जून महीने में मैदानी इलाकों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच जाता है, उसी जून में हिमाचल की ऊंची चोटियां बर्फ की सफेद चादर ओढ़ती नजर आ रही हैं।

 

रोहतांग दर्रे सहित शिंकुला और बारालाचा दर्रों में हो रही ताजा बर्फबारी ने पर्यटकों के चेहरे खिला दिए हैं। बाहरी राज्यों से तपती गर्मी से राहत पाने हिमाचल पहुंचे सैलानियों के लिए यह नजारा किसी जन्नत से कम नहीं है। आसमान से गिरते बर्फ के फाहों के बीच पर्यटक जमकर मस्ती कर रहे हैं और इस अनोखे मौसम का भरपूर आनंद ले रहे हैं।

जून में सर्दियों जैसा एहसास

रविवार रात से शुरू हुआ मौसम का बदला मिजाज सोमवार को भी जारी रहा। रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा दर्रों में रुक-रुक कर हिमपात होता रहा, जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश और ठंडी हवाओं ने तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज करवाई। इसका असर यह हुआ कि लोगों को जून महीने में भी सर्दियों जैसा एहसास होने लगा। मनाली और लाहुल-स्पीति के कई क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ गई है। मॉल रोड और अन्य पर्यटन स्थलों पर पर्यटक गर्म कपड़ों में घूमते नजर आए।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : नई बाइक बनी काल, घर से कुछ ही दूरी पर ट्रक से टकराई, 22 वर्षीय युवक की मौ.त

बर्फबारी ने बढ़ाई पर्यटन कारोबारियों की उम्मीदें

पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि जून में हो रही बर्फबारी उनके लिए किसी बोनस से कम नहीं है। आमतौर पर इस समय तक अधिकांश दर्रों की बर्फ पिघलने लगती है, लेकिन लगातार हो रहे हिमपात के कारण पर्यटकों को बर्फ के बीच घूमने का मौका मिल रहा है। होटल व्यवसायियों और टैक्सी ऑपरेटरों का कहना है कि बर्फबारी की खबरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में पर्यटक इन स्थलों का रुख कर रहे हैं। इससे पर्यटन गतिविधियों को भी नया बल मिला है।

 

रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा बने आकर्षण का केंद्र

ताजा हिमपात के बाद रोहतांग दर्रा, शिंकुला और बारालाचा दर्रे पर्यटकों के पसंदीदा स्नो प्वाइंट बन गए हैं। यहां पहुंचने वाले सैलानी बर्फबारी के बीच फोटो और वीडियो बनाकर यादगार पल संजो रहे हैं। हालांकि हिमपात के बावजूद सभी प्रमुख मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए खुले हैं, जिससे पर्यटकों को इन स्थलों तक पहुंचने में कोई विशेष परेशानी नहीं हो रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: चलती कार की छत पर आशिकी फरमा रहा था हरियाणवी जोड़ा, पुलिस ने काटा मोटा चालान

लेह-लद्दाख और स्पीति जाने वालों की भी बढ़ी आवाजाही

मौसम सुहावना होने के साथ-साथ बड़ी संख्या में पर्यटक लाहुल के रास्ते लेह-लद्दाख और स्पीति घाटी की ओर भी रवाना हो रहे हैं। बारालाचा और शिंकुला मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। सैलानी बर्फबारी और पहाड़ों की खूबसूरती का आनंद लेते हुए अपने सफर को यादगार बना रहे हैं।

होटलों में बढ़ी रौनक, समर सीजन चरम पर

मनाली और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन सीजन पूरे शबाब पर है। सप्ताहांत के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक घाटी में पहुंचे, जिससे होटल कारोबार में भी तेजी देखने को मिली। पर्यटन कारोबारियों का मानना है कि जून के अंतिम सप्ताह में पर्यटकों की संख्या और अधिक बढ़ सकती है।

 

यह भी पढ़ें : महंगाई के बीच सुक्खू सरकार का तोहफा- हजारों बिजली कर्मचारियों की दिहाड़ी बढ़ी

अगले पांच दिन मौसम रहेगा मेहरबान

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी प्रदेश का मौसम सक्रिय बना रह सकता है। कई क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की भी आशंका जताई गई है। विशेषज्ञों ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी है, क्योंकि पहाड़ों में मौसम कभी भी अचानक बदल सकता है।

 

यह भी पढ़ें- हिमाचल : एडमिट कार्ड में मिला फर्जी सेंटर, छात्रा नहीं दे सकी NEET परीक्षा- एक साल बर्बाद

पर्यटक बोले- स्वर्ग जैसा अनुभव

मैदानी राज्यों की झुलसाने वाली गर्मी से राहत पाने हिमाचल पहुंचे पर्यटकों का कहना है कि जून महीने में बर्फबारी देखना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। जहां एक ओर उनके शहरों में लोग गर्मी से बेहाल हैं, वहीं हिमाचल में बर्फ के फाहों के बीच घूमना उन्हें स्वर्ग जैसा एहसास दे रहा है। हिमाचल का यह बदला हुआ मौसम एक बार फिर साबित कर रहा है कि प्रकृति जब मेहरबान होती है तो जून की तपती दोपहर को भी सर्दियों की खूबसूरत सुबह में बदल देती है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें