चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में खराब मौसम और प्राकृतिक आपदा के चलते फंसे मणिमहेश यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की सतत निगरानी और राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के नेतृत्व में चलाए गए इस बचाव अभियान में कुल 1166 श्रद्धालुओं को सुरक्षित चंबा लाया गया। इनमें से अधिकतर को हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसों के माध्यम से उनके गंतव्य तक नि:शुल्क भेजा गया।
चिनूक ने 12 उड़ानों में 524 किए एयरलिफ्ट
शुक्रवार को भारतीय वायुसेना के चिनूक हेलीकॉप्टर ने 12 उड़ानें भरते हुए 524 यात्रियों को हवाई मार्ग से भरमौर से चंबा तक पहुंचाया। हालांकि राहत के इस प्रयास में एक दुखद पहलू भी जुड़ा रहा। इन्हीं उड़ानों में तीन श्रद्धालुओं के शव भी चंबा लाए गए। इससे पहले गुरुवार को भी हेलीकाप्टर द्वारा 7 उड़ानों के माध्यम से 35 यात्रियों को सुरक्षित एयरलिफ्ट किया गया था।
यह भी पढ़ें : खतरे में हिमाचल का लिप्पा गांव, खड्ड ने बदला रूख, रिहायशी इलाके के बीचों बीच बन गई झील
सड़क मार्ग से भी हुआ बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन
हवाई मार्ग के साथ.साथ सड़क मार्ग से भी बचाव कार्य जारी रहा। चंबा जिला प्रशासन की ओर से गुरुवार को 607 यात्रियों को पैदल और वाहनों की सहायता से भरमौर से चंबा तक लाया गया। कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त होने के कारण श्रद्धालुओं को पैदल चलना पड़ा। ऐसे स्थानों पर पुलिस, होमगार्ड और स्वयंसेवकों की टीम ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की। रास्ते में आवश्यकतानुसार खाद्य सामग्री, पानी और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई। चंबा पहुंचने के बाद एचआरटीसी की 13 विशेष बसों के माध्यम से यात्रियों को नूरपुर और पठानकोट भेजा गया।
यह भी पढ़ें : युवक के लिए NHAI-प्रशासन ने झोंकी ताकत, 40 मशीनों से खोला NH; 3 घंटे में कुल्लू से AIIMS पहुंचाया
मुख्यमंत्री की निगरानी में चला पूरा अभियान
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कुल्लू से पूरे अभियान की पल-पल की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने मीडिया से बातचीत में मंत्री जगत सिंह नेगी की सक्रिय भूमिका की सराहना की और राहत कार्य में जुटे सभी विभागों, सुरक्षा बलों, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, जिला प्रशासन, स्वयंसेवकों और एनजीओ का आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : लैबोरेटरी में खोल रखी थी नशे की दुकान, पुलिस ने मालिक समेत धरे दो लोग
मुख्यमंत्री ने कहा, "यह अभियान हमारे सामूहिक प्रयासों और संकल्प की मिसाल है। कठिन परिस्थितियों में भी हमारी टीम ने हर संभव प्रयास करके यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। मैं सभी सहयोगियों का धन्यवाद करता हूं।"
