ऊना। नेपाल में आई भयानक बाढ़ के आपदा के बीच ऊना जिले के मैहतपुर-बसदेहड़ा के रहने वाले 32 वर्षीय सुखविंदर रत्नलापता हो गए हैं। सुखविंदर नेपाल के त्रिशुली हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट-वन में इंजीनियर के तौर पर काम कर रहे हैं। परिवार ने उनसे कई बार फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका फोन नहीं लग पाया। इसके बाद परिवार ने कंपनी से संपर्क किया, जहां से उन्हें सुखविंदर के लापता होने की जानकारी मिली।
परिवार ने प्रशासन से लगाई मदद की गुहार
सुखविंदर के परिवार का कहना है कि उन्होंने ऊना जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग से भी मदद मांगी है, लेकिन अभी तक सुखविंदर के बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल पाई है। परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। सुखविंदर को ढूंढने के लिए उनका भाई वीरेंद्र रत्न और चचेरा भाई शुभम नेपाल के काठमांडू पहुंच चुके हैं।
यह भी पढ़ें : आउटसोर्स कर्मियों के आएंगे अच्छे दिन! CM सुक्खू लाने जा रहे ठोस नीति, लॉटरी को बताया भाग्य
भाई को ढूंढने दुबई से वापस आया वीरेंद्र
सुखविंदर के लापता होने की खबर मिलते ही उनका भाई वीरेंद्र रत्न दुबई से वापस भारत आया। इसके बाद शुक्रवार सुबह वह अपने चचेरे भाई शुभम के साथ दिल्ली से फ्लाइट लेकर काठमांडू पहुंचा। दोनों फिलहाल सीधे बाढ़ प्रभावित इलाकों में जाने के बजाय नेपाल सेना और वहां मौजूद संसाधनों की मदद से सुखविंदर की तलाश में जानकारी जुटा रहे हैं।
25 अगस्त को हुई थी आखिरी बार बात
परिवार के मुताबिक, सुखविंदर से आखिरी बार 25 अगस्त को फोन पर बात हुई थी। वह छुट्टी के बाद 15 अगस्त को वापस नेपाल काम पर गया था। इसके बाद परिवार से उसका संपर्क टूट गया। अब परिवार को किसी तरह की जानकारी मिलने का इंतजार है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार फिर लेने जा रही 700 करोड़ का लोन, 1.10 लाख करोड़ के पास पहुंचा कर्ज का पहाड़
डेढ़ साल से नेपाल में कर रहा था काम
सुखविंदर पिछले करीब डेढ़ साल से नेपाल में काम कर रहा था। इससे पहले उसने करीब सात महीने भूटान में भी काम किया था। करीब चार महीने पहले ही वह इसी कंपनी के काम से दोबारा नेपाल पहुंचा था। सुखविंदर का डेढ़ साल का एक छोटा बेटा भी है। परिवार के लोग उसके सकुशल वापस लौटने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
नेपाल आर्मी से भी मांगी जा रही मदद
बाढ़ के कारण नेपाल का प्रभावित इलाका सेना के नियंत्रण में है। ऐसे में वीरेंद्र ने नेपाल आर्मी को भी सुखविंदर से जुड़ी जानकारी उपलब्ध करवाई है। परिवार और गांव के लोग लगातार सुखविंदर के सुरक्षित होने की प्रार्थना कर रहे हैं और उसकी कोई जानकारी मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में आधी रात को दरकी पहाड़ी- जोरदार धमाके से सहमे ग्रामीण, घर छोड़ भागे
प्रशासन ने गृह मंत्रालय को दी जानकारी
SDC ऊना इशांत जसवाल ने बताया कि बसदेहड़ा के युवक के लापता होने की सूचना प्रशासन को मिली है। संबंधित थाना और प्रशासनिक स्तर पर यह जानकारी गृह मंत्रालय के साथ साझा की गई है। उन्होंने बताया कि प्रशासन केंद्र सरकार के माध्यम से नेपाल सरकार के संपर्क में है और सुखविंदर के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है।
CM सुक्खू ने परिवार से फोन पर की बात
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सुखविंदर रत्न के परिवार से फोन पर बात की। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल समय में सरकार उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुखविंदर को सुरक्षित ढूंढने और उनके बारे में सही जानकारी पता करने के लिए हर संभव कोशिश की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि नेपाल में रह रहे हिमाचल के लोगों की जानकारी जुटाने के लिए नेपाल एंबेसी से लगातार बातचीत की जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 231 करोड़ का फ्रॉड- मृत व्यक्ति के नाम पर लिया GST नंबर, बनाए फर्जी बिल
सुखविंदर के परिवार की बढ़ी चिंता
नेपाल में आई भयानक बाढ़ और तबाही के बीच ऊना के सुखविंदर रत्न के लापता होने की खबर से परिवार काफी परेशान है। उनके गांव और आसपास के लोगों में भी चिंता बनी हुई है। परिवार को अब भी उम्मीद है कि सुखविंदर सुरक्षित होंगे और जल्द ही उनकी कोई जानकारी मिलेगी। मुख्यमंत्री के परिवार से बात करने के बाद परिजनों को सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा मिला है।
