#यूटिलिटी
November 21, 2026
बोट में पानी भरने से मंडराने लगा डूबने का खतरा सुरक्षित निकाले सभी यात्री

सोलन/अर्की। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अर्की क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कौल डैम के गहरे पानी के बीच शनिवार दोपहर करीब एक बजे उस समय चीख-पुकार मच गई, जब करीब 35 महिला-पुरुषों और अन्य ग्रामीणों को लेकर जा रही बोट की अचानक शाफ्ट टूट गई। बोट में सवार लोग राशन लेकर अपने घर लौट रहे थे। बीच डैम में बोट के अचानक बंद होते ही उसमें पानी भरने लगा। देखते ही देखते यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और हर किसी को अनहोनी का डर सताने लगा।
जानकारी के अनुसार, यह घटना अर्की क्षेत्र की ग्राम पंचायत बेरल के बोही गांव के पास हुई। बोट में सवार ग्रामीण अपने जरूरी सामान और राशन के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान बोट का पंखा घुमाने वाली शाफ्ट अचानक टूट गई। तकनीकी खराबी के चलते बोट ने बीच डैम में ही काम करना बंद कर दिया। बोट के रुकते ही वह असंतुलित होने लगी और उसमें पानी भरना शुरू हो गया। कुछ ही पलों में यात्रियों को अपनी जान पर खतरा मंडराता दिखाई देने लगा।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार खरीदेगी 1000 नई इलेक्ट्रिक बसें... पर चंबा को एक भी नहीं मिलेगी ! जानें क्यों
बोट में पानी भरता देख उसमें सवार लोगों ने खुद ही पानी बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी। हालांकि, लगातार पानी आने के कारण उनकी कोशिशें नाकाफी साबित होने लगीं। डैम के बीचों-बीच फंसे यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। महिलाओं और बच्चों समेत सभी लोग घबराए हुए थे। ऐसे में कुछ समय की देरी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही बचाव के लिए एनटीपीसी का स्टीमर और स्थानीय स्तर पर दूसरी बोट मौके पर पहुंची। दोनों की मदद से बोट में फंसे सभी 35 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उन्हें सड़क किनारे पहुंचाया गया। राहत की बात रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय रहते मदद पहुंचने से एक बड़ा हादसा टल गया और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
यह भी पढ़े : हिमाचल में कोर्ट का बड़ा फैसला: NHAI की संपत्ति कुर्क करने का दिया आदेश, जानें क्यों
ग्राम पंचायत बेरल के प्रधान जोगिंद्र ने बताया कि नदी के बीच बोट के अचानक बंद हो जाने से उसमें सवार लोग काफी घबरा गए थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत वैकल्पिक बोट और स्टीमर की व्यवस्था की गई। इसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना के बाद बोही गांव के लोगों ने सड़क सुविधा उपलब्ध न होने को लेकर प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि गांव तक सड़क निर्माण का काम लंबे समय से अधूरा पड़ा है। जहां तक सड़क बनी है, उसके आगे खड़ी चढ़ाई होने के कारण लोगों को पैदल सफर करना पड़ता है। इसी परेशानी के चलते ग्रामीणों को डैम के रास्ते बोट से आवाजाही करनी पड़ती है। उनका कहना है कि यदि बचाव के लिए स्टीमर और दूसरी बोट पहुंचने में थोड़ी भी देरी हो जाती, तो कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी।
यह भी पढ़ें : सेना के अपमान पर भड़के अनुराग ठाकुर, जगत सिंह नेगी को दी माफी मांगने की चेतावनी
इस घटना ने डैम में चलने वाली बोट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि बोट की नियमित तकनीकी जांच सुनिश्चित की जाए और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की पड़ताल हो। यह भी जांच की मांग उठ रही है कि बोट में यात्रियों की संख्या उसकी निर्धारित क्षमता के अनुरूप थी या नहीं। वहीं, सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने कहा कि मामले की जांच करवाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ नहीं होना चाहिए और इस दिशा में जरूरी कदम उठाना बेहद महत्वपूर्ण है।