शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने जनता की सुविधा और पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए एक बड़ा कदम उठाया है। अब राज्य के सभी सरकारी रेस्ट हाउस (विश्राम गृह) और सर्किट हाउस की बुकिंग पूरी तरह ऑनलाइन हो गई है।

हिमाचल आने वाले पर्यटकों के लिए खुशखबरी

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पहल पर यह व्यवस्था ‘हिम अतिथि पोर्टल’ (https://himatithi.nic.in/) के माध्यम से शुरू की गई है। पहले ये रेस्ट हाउस केवल विभागीय अनुशंसा या ऑफलाइन बुकिंग से मिलते थे, लेकिन अब कोई भी व्यक्ति- चाहे वह आम नागरिक हो या पर्यटक ऑनलाइन बुकिंग कर सकता है।

यह भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट का फैसला : हिमाचल के ट्राइबल इलाकों में अब बेटियों को नहीं मिलेगी पिता की प्रॉपर्टी

सस्ते और शानदार कमरे

लोक निर्माण विभाग के सचिव अभिषेक जैन ने बताया कि जून 2025 से 10 अक्टूबर 2025 तक ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली से लगभग दो करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। यह वृद्धि उस समय दर्ज की गई जब राज्य प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा था, जिससे यह पहल और भी उल्लेखनीय बन गई है। उन्होंने कहा कि अब बुकिंग “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर होती है और बुकिंग की पुष्टि तुरंत मोबाइल और ई-मेल पर भेज दी जाती है।

होटलों में ऑनलाइन बुकिंग शुरू

राज्य भर में इस समय 276 विश्राम गृह और 1000 से अधिक कमरे ऑनलाइन बुकिंग के लिए उपलब्ध हैं। बुकिंग के लिए हिमाचली नागरिकों से ₹250 और गैर-हिमाचली नागरिकों से ₹500 अग्रिम भुगतान लिया जाता है। रेस्ट हाउसों का किराया ₹500 से ₹1200 प्रति रात के बीच है, जो स्थान और सुविधा के अनुसार अलग-अलग है।

यह भी पढ़ें: सुक्खू सरकार पर भड़के जयराम : बोले- पंचायत चुनाव के लिए जनता को किया जा रहा गुमराह

अभिषेक जैन ने बताया कि ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से विश्राम गृहों की ऑक्यूपेंसी (कमरे भरे रहने की दर) में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। उदाहरण के तौर पर-

  • हमीरपुर विश्राम गृह में यह दर 62% से बढ़कर 85%
  • तारा देवी रेस्ट हाउस में 30% से बढ़कर 50%
  • धर्मशाला रेस्ट हाउस में 50% से बढ़कर 75%
  • घुमारवीं रेस्ट हाउस में 30% से बढ़कर 66%

यह भी पढ़ें: हिमाचल : गहरी खाई में गिरी गाड़ी, महिला समेत पांच लोग थे सवार- दो के निकले प्राण

उन्होंने बताया कि विभाग अब नियमित रूप से विश्राम गृहों का निरीक्षण कर रहा है ताकि स्वच्छता, रख-रखाव और भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि यह पहल आम जनता को सरकारी सुविधाओं तक समान पहुंच दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

आसानी से होगी बुकिंग

पहले इन रेस्ट हाउसों की बुकिंग आम नागरिकों के लिए कठिन थी और विभागीय सिफारिश पर निर्भर करती थी। अब ऑनलाइन प्रणाली से पारदर्शिता, जवाबदेही और राजस्व, तीनों में सुधार हुआ है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें