शिमला। हिमाचल प्रदेश में अक्टूबर के बीच मौसम ने अचानक करवट बदली है। पहाड़ी इलाकों में बर्फ की सफेद चादर बिछने लगी है, तो कई जिलों में बारिश के कारण मौसम ठंडा हो गया है।

मौसम ने अचानक बदली करवट

चंबा के साच पास और लाहौल-स्पीति के रोहतांग दर्रे में ताजा हिमपात दर्ज किया गया है। साच पास में करीब चार इंच और रोहतांग दर्रे में दो इंच तक बर्फ जमा हो चुकी है। सुबह से बदले मौसम ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सर्दी का अहसास बढ़ा दिया है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : नवरात्र में मंदिर गेट के सामने चिट्टा बेचने आया था युवक, ग्राहक से पहले पहुंची पुलिस

कई इलाकों में बारिश

प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का असर अलग-अलग नजर आ रहा है। चंबा, कांगड़ा और कुल्लू के कई इलाकों में बारिश हुई, जबकि शिमला समेत दूसरे क्षेत्रों में आसमान पर बादलों का डेरा रहा।

10 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट

मौसम विभाग ने लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य जिलों के लिए आंधी-तूफान का यलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की जरूरत है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां बारिश और हिमपात की संभावना बनी हुई है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : नदी में नहाने गया बुजुर्ग नहीं लौटा, किनारे मिले कपड़े और जूते- जांच में जुटी पुलिस

5 जिलों की ऊंची चोटियों पर गिर सकती है बर्फ

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, लाहौल-स्पीति, चंबा, किन्नौर, कुल्लू और कांगड़ा के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हो सकता है। वहीं, मैदानी क्षेत्रों और निचले पहाड़ी इलाकों में बारिश होने की संभावना है। इससे दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है। कुछ शहरों में अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक नीचे जाने का अनुमान है।

तापमान में उतार-चढ़ाव

दिलचस्प बात यह है कि मौसम में बदलाव के बावजूद हाल के दिनों में प्रदेश के कई शहरों में दिन का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ था। केलांग में अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया गया। शिमला, सुंदरनगर, कल्पा और धर्मशाला में भी पारा सामान्य से ऊपर रहा। अब बादल, बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

यह भी पढ़ें- आज काजा जा रहे CM सुक्खू : ग्रामीणों संग बिताएंगे वक्त, रात्रि ठहराव का भी प्रोग्राम

अगले दो दिन मौसम से पूरी तरह राहत नहीं

16 और 17 अक्टूबर को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। हालांकि, हर क्षेत्र में बारिश होने का अनुमान नहीं है। मौसम की स्थिति जिले और ऊंचाई के अनुसार अलग रह सकती है। ऊंचे दर्रों की ओर जाने वाले यात्रियों को स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी लेकर ही सफर करना चाहिए।

कब निकेलगी धूप?

मौसम विभाग के अनुसार, 18 अक्टूबर से प्रदेश में मौसम खुलने की संभावना है। 20 अक्टूबर तक ज्यादातर क्षेत्रों में धूप निकल सकती है। आसमान साफ होने पर दिन के समय तापमान फिर बढ़ने लगेगा, जबकि रातें अपेक्षाकृत ठंडी रह सकती हैं। फिलहाल प्रदेश में मौसम का मौजूदा दौर पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड बढ़ाने वाला है। अगले कुछ दिनों में बारिश और हिमपात के बाद धूप लौटने से तापमान में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें