सोलन। हिमाचल प्रदेश की जनता के लिए एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। ये खबर और भी बुरी साबित होगी अगर आप मिठाइयों के शौकीन हैं। दरअसल प्रदेश के सोलन शहर व आसपास के इलाकों में मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। गौरतलब है कि दीवाली के त्योहारी सीजन में सोलन शहर व आसपास के इलाकों में बेची गई मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर बड़े खुलासे हुए हैं।
12 में से 6 मिठाइयों के सैंपल हो गए फेल
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाइयों की गुणवत्ता जांचने के लिए जो सैंपल भरे थे, अब उनकी जांच रिपोर्ट आनी शुरू हो गई है। ये सैंपल कंडाघाट लैब भेजे गए थे, जहां से आई 12 सैंपल की रिपोर्ट में से 6 मिठाइयों के सैंपल फेल हो गए हैं।
यह भी पढ़ें: फर्जी नंबर और जाली कागज- हिमाचल में स्कूली बच्चों को ला रही थी बस, RTO ने पकड़ा
शिमला के मशहूर हलवाई की मिठाई फेल
चिंताजनक बात ये है कि राजधानी शिमला के मशहूर हलवाई की दुकान की मिठाई को खाने के लिए असुरक्षित माना गया है। इस दुकान की 'पाइन एप्पल कोकोनट बर्फी' को खाने के लिए असुरक्षित माना गया है।
मिल्क केक, मलाई पेड़ा व खोया भी फेल
वहीं, अन्य मिठाइयां जो जांच में फेल हुई हैं वो हैं- मिल्क केक, मलाई पेड़ा, खोया व खोया एप्पल मिठाई। नगर निगम क्षेत्र से लिए गए 2 सैंपल फेल हुए हैं जबकि जिले के अन्य इलाकों में 10 में से 4 सैंपल फेल हो गए हैं।
यह भी पढ़ें: सुक्खू सरकार VS चुनाव आयोग : नई पंचायत गठन के आए 23 प्रस्ताव, SEC ने लगाई रोक
पक्ष रखने के लिए एक महीने का समय
खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य सुरक्षा एक्ट की धारा 44 (4) के तहत संबंधित दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। दुकानदारों को अपना पक्ष रखने के लिए एक महीने का समय दिया गया है।
दुकानदारों को नोटिस देकर मांगा जवाब
खाद्य सुरक्षा विभाग के अतिरिक्त आयुक्त ने बताया कि त्योहारी सीजन में लिए गए सैंपलों की रिपोर्ट आ रही है। अभी तक 12 में से 6 सैंपल फेल हुए हैं। दुकानदारों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
