शिमला। हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार को अपने छह पूर्व मुख्य संसदीय सचिवों (CPS) पर दिखाई गई मेहरबानी अब भारी पड़ती नजर आ रही है। सरकारी आवासों में नियमों के विपरीत रहने के बावजूद पूर्व सीपीएस रहे छह विधायकों से लाखों रुपये का दंडात्मक किराया वसूलने के बजाय सरकार ने महज 1,600 रुपये प्रतिमाह की सामान्य लाइसेंस फीस लेकर उन्हें बड़ी राहत दे दी।

सरकार के इसी फैसले पर हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए सवालों की बौछार कर दी है। अदालत ने कहा कि सरकार के अपने आकलन के अनुसार इन छह विधायकों पर 31 जुलाई 2026 तक 80 लाख 22 हजार 973 रुपये का दंडात्मक किराया बकाया था, लेकिन इतनी बड़ी रकम वसूलने के बजाय सामान्य किराया ही लिया गया। हाईकोर्ट ने इस पूरे मामले में राज्य सरकार से जवाब तलब किया है। अदालत की सख्ती के बाद अब यह मामला प्रदेश की सियासत और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।

80 लाख की देनदारी, सरकार ने महज 1600 रुपये प्रतिमाह वसूले

हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गुरमीत सिंह संधावालिया और न्यायमूर्ति बिपिन चंद्र नेगी की खंडपीठ ने सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से अपनाई गई किराया वसूली की व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। अदालत के सामने रखे गए सरकारी आकलन के मुताबिक छह पूर्व सीपीएस पर 31 जुलाई 2026 तक कुल 80,22,973 रुपये का दंडात्मक किराया बकाया था। नियमों के अनुसार इन विधायकों से आवास की श्रेणी के आधार पर 52,938 रुपये से लेकर 91,944 रुपये तक प्रतिमाह दंडात्मक किराया लिया जाना था। इसके विपरीत सरकार ने 12 अगस्त 2026 को जारी पत्र के अनुसार उनसे केवल 1,600 रुपये प्रतिमाह सामान्य लाइसेंस फीस वसूल की। अदालत ने सवाल उठाया कि जब नियमों के तहत इतनी बड़ी रकम की वसूली होनी थी तो सरकार ने इसे घटाकर सामान्य किराये तक सीमित क्यों कर दिया?

 

यह भी पढ़ें : हाटी समुदाय की बड़ी जीत: हिमाचल हाईकोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला, खत्म हुआ छह दशक पुराना संघर्ष

कैबिनेट के फैसले पर भी हाईकोर्ट ने उठाई उंगली

इस मामले में सरकार की कार्यप्रणाली पर अदालत की नाराजगी की एक बड़ी वजह यह भी रही कि सरकारी आवासों में पूर्व सीपीएस की पात्रता का मामला पहले से ही हाईकोर्ट में विचाराधीन था। इसके बावजूद राज्य सरकार ने 4 मई 2026 को इस मामले को कैबिनेट के समक्ष रखा और सामान्य लाइसेंस फीस के भुगतान को नियमित कर दिया। अदालत ने इस घटनाक्रम पर सवाल उठाते हुए जानना चाहा कि जब आवासों में रहने की वैधता और किराये का मामला न्यायालय के समक्ष लंबित था, तब सरकार ने कैबिनेट के माध्यम से पूर्व सीपीएस को राहत देने का फैसला किस आधार पर लिया।

CPS का पद गया, लेकिन सरकारी बंगलों से नहीं हुआ मोहभंग

गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने 24 नवंबर 2024 को छह विधायकों की मुख्य संसदीय सचिव के रूप में नियुक्तियों को रद्द कर दिया था। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने भी हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखा और इन नियुक्तियों को लेकर कोई राहत नहीं दी। इसके बावजूद पूर्व सीपीएस विधायकों ने शिमला स्थित अपने सरकारी आवास खाली नहीं किए। इतना ही नहीं, उन्हें कैबिनेट मंत्री स्तर पर मिलने वाली सुविधाओं को वापस लेने के आदेशों के बाद भी सरकारी आवासों का मामला विवादों में बना रहा। अब हाईकोर्ट ने इसी मुद्दे पर सरकार की ओर से दी गई किराये की राहत को लेकर जवाब मांगा है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में अब 68 नहीं, 102 होगी विधायकों की संख्या- 34 महिला सीटें, कई नेताओं की कुर्सी पर संकट

छह विधायकों के कब्जे में हैं शिमला के महंगे सरकारी आवास

पूर्व सीपीएस विधायकों के पास शिमला में टाइप-6, टाइप-7 और टाइप-8 श्रेणी के सरकारी आवास हैं। इनमें किशोरी लाल के पास मैन्सफील्ड लॉज स्थित टाइप-8 आवास, राम कुमार के पास बेनमोर-4, सुंदर सिंह ठाकुर के पास बेनमोर-6, मोहन लाल ब्राक्टा के पास ग्रांट लॉज स्थित मिनिस्टर हाउस नंबर-5, संजय अवस्थी के पास मिनिस्टर हाउस नंबर-4 और आशीष बुटेल के पास बेनमोर-5 स्थित सरकारी आवास शामिल हैं। अदालत ने इन आवासों की उपलब्धता और इनके आवंटन से जुड़े नियमों पर भी सवाल उठाए हैं। मामला अब केवल किराये की वसूली तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सरकारी संपत्तियों के इस्तेमाल और आवास आवंटन की व्यवस्था भी न्यायिक जांच के दायरे में आ गई है।

 

यह भी पढ़ें :  झाड़ियों में मिली लापता सतीश की देह, 24 घंटे से था गायब- सदमे में पूरा परिवार

नए जजों को सरकारी आवास नहीं, गेस्ट हाउस में गुजारनी पड़ रही रातें

सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने एक और महत्वपूर्ण पहलू की ओर ध्यान दिलाया। अदालत के अनुसार 30 अगस्त 2026 को नियुक्त तीन नए न्यायाधीशों को टाइप-8 श्रेणी के सरकारी आवास उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। इनमें से दो न्यायाधीशों को हाईकोर्ट के गेस्ट हाउस कर्जन हाउस में रहना पड़ रहा है। अदालत ने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि जिन सरकारी आवासों का इस्तेमाल न्यायिक अधिकारियों को आवंटन के लिए किया जाना था, वे पूर्व सीपीएस विधायकों के पास हैं। ऐसे में सरकारी आवासों की उपलब्धता और प्राथमिकता तय करने की व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पत्रकारों को आवास आवंटन पर भी अदालत की तल्ख टिप्पणी

हाईकोर्ट ने सरकारी आवास आवंटन की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का एक अन्य मामला भी उठाया। अदालत ने नियमों के विपरीत 21 पत्रकारों को टाइप-4 से ऊपर की श्रेणी के टाइप-5 सरकारी आवास आवंटित करने और लंबे समय तक एडहॉक आधार पर आवास देने की व्यवस्था को मनमाना करार दिया। अदालत की इस टिप्पणी से स्पष्ट है कि सरकारी आवासों के आवंटन में नियमों की अनदेखी और प्रभावशाली लोगों को दी जा रही सुविधाएं भी अब न्यायालय की नजर में हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में सिख युवक-युवती को नहीं देने दी पटवारी परीक्षा, कड़ा उतारने को कहा- पंजाब तक बवाल

सरकार ने मांगा जवाब दाखिल करने के लिए समय

हाईकोर्ट की सख्ती के बाद राज्य सरकार की ओर से पेश वकील ने सरकार के फैसलों के पक्ष में जवाब दाखिल करने के लिए अदालत से समय मांगा है। खंडपीठ ने मामले में सरकार से स्पष्टीकरण तलब किया है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 15 दिसंबर को निर्धारित की गई है। सरकार को यह बताना होगा कि दंडात्मक किराये के रूप में लाखों रुपये की देनदारी होने के बावजूद केवल 1,600 रुपये प्रतिमाह की सामान्य लाइसेंस फीस क्यों वसूली गई और कैबिनेट ने किस आधार पर इस व्यवस्था को नियमित किया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल ने खोया वीर सपूत : छुट्टी पर घर आए BSF जवान की मौ*त; पीछे छोड़ गए पत्नी और 3 बच्चे

सुक्खू सरकार की मुश्किलें बढ़ीं, जवाब पर टिकी निगाहें

पूर्व सीपीएस विधायकों को सरकारी आवासों के किराये में दी गई राहत अब सुक्खू सरकार के लिए एक बड़ा कानूनी और राजनीतिक सवाल बनती दिखाई दे रही है। एक तरफ सरकारी खजाने को मिलने वाली लाखों रुपये की राशि का मामला है, तो दूसरी तरफ हाईकोर्ट के नए न्यायाधीशों को आवास उपलब्ध नहीं होने की स्थिति भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। अब सबकी निगाहें 15 दिसंबर को होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं। देखना होगा कि सरकार अदालत के सामने अपने फैसले को किस आधार पर सही ठहराती है और 80 लाख रुपये से अधिक के दंडात्मक किराये की वसूली को लेकर क्या रुख अपनाती है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें