#यूटिलिटी
November 16, 2026
चीनी के दामों में भी आया उछाल

शिमला। हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार के राज में आम लोगों को महंगाई से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। त्योहारी सीजन खत्म होने के बाद भी रोजमर्रा की जरूरतों की चीजों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। सरसों तेल, रिफाइंड और दालों के बाद अब जीरा, हल्दी और चीनी भी महंगी हो गई है। लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की जेब पर बोझ बढ़ा दिया है और रसोई का बजट बिगाड़कर रख दिया है।
बता दें कि अब चीनी खरीदना भी महंगा हो गया है। दुकानदारों के मुताबिक, 10 दिन पहले चीनी 68 से 70 रुपये किलो मिल रही थी, लेकिन अब इसके दाम बढ़कर 70 से 72 रुपये किलो हो गए हैं। पहले थोक में चीनी 6200 रुपये क्विंटल मिल रही थी, जो अब बढ़कर 6800 रुपये क्विंटल हो गई है। दुकानदारों का कहना है कि आने वाले दिनों में चीनी के दाम और बढ़ सकते हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बीच रोड शराब पी रहा था पंजाबी, जमकर मचाया बवाल- पुलिस ने काटा 5 हजार का चालान
अनाज मंडी के ताज़ा भाव बताते हैं कि मसालों की कीमतों ने रसोई का पूरा बजट ही हिलाकर रख दिया है। पिछले ही कुछ दिनों में जीरे के दाम में 60 रुपये प्रति किलो की भारी बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद यह 400 रुपये प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गया है। इसके आलावा हल्दी भी 40 रुपये प्रति किलो तक महंगी हो गई है। रोजमर्रा के खाने में इस्तेमाल होने वाले इन बुनियादी मसालों के दाम बढ़ने से मध्यम और निम्न वर्ग के परिवारों की जेब पर सीधा बोझ पड़ रहा है।
महंगाई की मार सिर्फ मसालों तक सीमित नहीं है। महज 10 दिनों के अंतराल में सरसों के तेल रिफाइंड ऑयल और विभिन्न दालों के दाम भी 10 रुपये प्रति लीटर या किलो तक बढ़ गए हैं। घर का राशन लेने बाजार पहुंचे लोगो का कहना है कि पहले से ही अन्य खर्चों से जूझ रहे परिवारों के लिए अब महीने का राशन जुटाना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल BREAKING : सुबह-सवेरे खाई में लुढ़की गाड़ी, तीन लोगों ने मौके पर तोड़ा दम- 2 की हालत नाजुक
अचानक आई इस तेज़ी के पीछे मंडी के कारोबारियों ने थोक बाजार का हवाला दिया है। राजधानी की अनाज मंडी के व्यापारियों का कहना है कि पीछे से ही थोक रेट में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिसका सीधा असर अब खुदरा (रिटेल) बाजार पर दिख रहा है। जब तक थोक मंडी में आवक नहीं सुधरती और दाम नीचे नहीं आते, तब तक आम जनता को रसोई की इस महंगाई से राहत मिलने के आसार कम ही हैं।