धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में स्कूली छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश सरकार और स्कूल शिक्षा बोर्ड अब बोर्ड परीक्षाओं को लेकर बड़ा बदलाव करने जा रहे हैं। जिस तरह पहली से सातवीं तक के छात्रों को फेल नहीं किया जाता, उसी तर्ज पर अब 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को भी फेल नहीं किया जाएगा। इसके लिए बोर्ड ने नई इंप्रूवमेंट पॉलिसी तैयार की है, जिसे मार्च 2026 से लागू करने की तैयारी है।

छात्रों को मिलेगा दो बार परीक्षा का मौका

इस नई व्यवस्था के तहत अब विद्यार्थियों को साल में दो बार परीक्षा देने का मौका मिलेगा। जिसमें पहली मुख्य परीक्षा मार्च में होगी और दूसरी सुधार परीक्षा जुलाई में। यदि कोई छात्र मार्च में आयोजित परीक्षा में एक या उससे अधिक विषयों में असफल रहता है, तो उसे जुलाई में दोबारा परीक्षा देने का अवसर मिलेगा। यही नहीं, जो छात्र मार्च में पास हो जाते हैं, वे भी अपने अंकों को सुधारने के लिए जुलाई में दोबारा परीक्षा में बैठ सकते हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में फिर फटा बादल : मकान, पुल और सड़कें बहीं, पति-पत्नी मलबे में दफन

फेल होने पर भी मिलेगा अगली क्लास में दाखिला

बोर्ड की इस नीति का उद्देश्य छात्रों पर परीक्षा का तनाव कम करना और उन्हें अपनी कमजोरियों को सुधारने का उचित मौका देना है। सबसे खास बात यह है कि अब किसी भी छात्र को बोर्ड द्वारा फेल नहीं किया जाएगा। उन्हें अगली कक्षा में प्रवेश दे दिया जाएगा, ताकि पढ़ाई में रुकावट न आए। यदि छात्र जुलाई में सुधार परीक्षा पास कर लेते हैं तो उनकी पढ़ाई सामान्य रूप से जारी रहेगी, लेकिन यदि वे दूसरी बार भी असफल रहते हैं, तो उन्हें फिर से उसी कक्षा में पढ़ना होगा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बिगड़े हालात: नाले से आए मलबे में आधी दफन हुई सवारियों से भरी बस; मची चीख पुकार

2026 से लागू होगी पॉलिसी

इस प्रस्ताव को शिक्षा बोर्ड ने राज्य सरकार को भेज दिया है और मंजूरी मिलने के बाद इसे वर्ष 2026 से लागू कर दिया जाएगा। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि इससे छात्रों को बार.बार एक ही कक्षा दोहराने से बचाया जा सकेगा और वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ पाएंगे। यह कदम राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप है, जिसमें छात्रों के समग्र विकास और पढ़ाई के प्रति सकारात्मक नजरिया विकसित करने पर जोर दिया गया है।

 

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।