बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। तलाई क्षेत्र में एक 21 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई है। जवान बेटे की मौत के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
परिवार ने खोया कमाऊ बेटा
बताया जा रहा है कि युवक खच्चरों पर सामान ढोकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। युवक की मौत के बाद पूरे परिवार पर गांव में मातम पसरा हुआ है। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की जनता को होली पर बड़ा झटका : अब राशन डिपुओं में कम मिलेगा आटे का कोटा
घर से काम पर निकला था पारस
मृतक की पहचान पारस मन्हास (21) के रूप में हुई है- जो कि गांव बेहना ब्राह्मणा, झंडूता का रहने वाला था। परिजनों के अनुसार, सोमवार देर शाम वह अपने खच्चरों के साथ बरड़ की ओर से बाड़ी मझेड़वां जाने के लिए निकला था।
देर रात तक नहीं पहुंचा घर
रात काफी बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं पहुंचा और उसका मोबाइल फोन भी बंद मिला, तो परिवार की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने उसके साथियों शम्मी कुमार और शुभम को सूचना दी। दोनों युवक तुरंत उसकी तलाश में निकल पड़े।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 12वीं पास को मिलेगी सरकारी नौकरी : भरे जाएंगे 700 पद, एक क्लिक में यहां जानें सब कुछ
नाले के पास मिले खच्चर
रास्ते में नाले के पास खच्चर अकेले खड़े मिले। यह देख आशंका और गहरा गई। आसपास काफी खोजबीन की गई, लेकिन पारस का कोई पता नहीं चला। कुछ दूरी आगे बढ़ने पर बल्ही बरड़ पुल के पास सड़क किनारे गहरी ढांक में एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। नीचे उतरकर देखा गया तो वह पारस ही था।
सिर में थे गहरे घाव के निशान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पारस के सिर के पिछले हिस्से से अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। स्थिति गंभीर देखते हुए तुरंत एंबुलेंस बुलाई गई और उसे सिविल अस्पताल घुमारवीं पहुंचाया गया। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में रिश्वतखोर शिक्षक पर गिरी गाज, विभाग ने जबरन थमाया घर बैठने का आदेश
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव के लोग भी बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे। एक मेहनतकश और जिम्मेदार युवक की असमय मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए। शव का पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया पूरी की गई है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके।
क्या हुआ पारस के साथ?
परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में आशंका जताई है कि पहाड़ी और संकरे रास्ते पर अंधेरा होने के कारण या पैर फिसलने से पारस गहरी ढांक में गिर गया होगा। जिस स्थान पर वह मिला, वहां सड़क के साथ गहरी खाई है और रात के समय दृश्यता बेहद कम रहती है।
यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य के विभाग को कोर्ट का झटका: 3 विश्राम गृह-XEN ऑफिस कुर्क करने के दिए आदेश
क्या बोली पुलिस टीम?
जिला बिलासपुर के SP संदीप धवल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल, प्रारंभिक जांच में हादसे की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
पारस अपने परिवार का सहारा था और खच्चरों के माध्यम से सामान ढुलाई कर घर का खर्च चलाने में मदद करता था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है। स्थानीय लोग प्रशासन से ऐसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग भी कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
