#यूटिलिटी

April 6, 2026

हिमाचल में महंगाई का बड़ा झटका: ईंट के बाद अब सीमेंट हुआ महंगा, अभी और बढ़ेंगे दाम

सीमेंट कंपनियों ने दाम बढ़ाकर डीलरों को किया आगाह आगे और बढ़ें दाम

शेयर करें:

cement price hike

सोलन। हिमाचल प्रदेश में अपने सपनों का घर बनाने का सपना देख रहे लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है। पहले ईंटों के दामों में बढ़ोतरी ने निर्माण लागत बढ़ाई थी, और अब सीमेंट महंगा होने से आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगड़ता नजर आ रहा है। प्रदेश में सीमेंट के दामों में हाल ही में 15 रुपये प्रति बैग की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि आने वाले दिनों में कीमतों में और इजाफे के संकेत मिल रहे हैं।

फिर बढ़ सकते हैं सीमेंट के दाम

जानकारी के मुताबिक, सीमेंट कंपनियों ने अपने डीलरों को संकेत दिए हैं कि कीमतों में जल्द ही 15 से 20 रुपये तक और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में निर्माण कार्य करवा रहे लोगों की चिंता और बढ़ गई है, क्योंकि लागत लगातार बढ़ती जा रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में पशु-वन मित्र के बाद अब सुक्खू सरकार करेगी 'श्रमिक मित्र भर्ती', युवाओं में भरा आक्रोश

निर्माण बजट पर पड़ा असर

सीमेंट के दाम बढ़ने का सीधा असर घर, दुकान या अन्य निर्माण कार्यों पर पड़ रहा है। आम लोगों का बजट गड़बड़ा गया है और कई लोग अपने निर्माण कार्य को टालने या धीमा करने पर मजबूर हो रहे हैं। ठेकेदारों और बिल्डरों का भी कहना है कि लागत बढ़ने से काम प्रभावित हो रहा है।

पहले ईंट, अब सीमेंट महंगा

गौरतलब है कि इससे पहले प्रदेश में ईंटों के दामों में भी बढ़ोतरी हुई थी। अब सीमेंट के महंगा होने से महंगाई का असर और गहरा गया है। निर्माण सामग्री की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों के लिए घर बनाना और भी मुश्किल कर दिया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: ट्रांसपोर्टर की हड़ताल ने बिगाड़े हालात, वाहनों के थमे पहिये; लोगों को झेलनी पड़ी परेशानी

जीएसटी के बाद मिली थी राहत

पिछले साल जीएसटी स्लैब में बदलाव के बाद सीमेंट के दामों में बड़ी गिरावट आई थी और कीमतें करीब 30 से 40 फीसदी तक कम हुई थीं। उस समय लोगों को काफी राहत मिली थी, लेकिन अब धीरे-धीरे कीमतें फिर बढ़ने लगी हैं और राहत खत्म होती नजर आ रही है।

बीते वर्षों में लगातार बढ़े दाम

पिछले दो से तीन वर्षों में सीमेंट की कीमतों में कुल मिलाकर 150 से 200 रुपये तक का इजाफा हो चुका है। सोलन में जहां पहले सीमेंट का एक बैग करीब 385 रुपये में मिल रहा था, वहीं अब इसकी कीमत बढ़कर 400 रुपये प्रति बैग तक पहुंच गई है।

 

यह भी पढ़ें : पंचायत चुनाव से पहले सुक्खू सरकार को हाईकोर्ट का झटका, डीसी के 5% आरक्षण अधिकार पर लगाई रोक

बढ़ती महंगाई से बढ़ी चिंता

लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। खासकर वे लोग जो अपने घर का निर्माण कर रहे हैं, उनके लिए यह बढ़ोतरी किसी झटके से कम नहीं है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार या कंपनियां कीमतों को लेकर क्या कदम उठाती हैं, ताकि लोगों को कुछ राहत मिल सके।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख