#यूटिलिटी

April 7, 2026

हिमाचल में कल तबाही मचाएगी ओलवृष्टि और तेज अंधड़, ऑरेंज अलर्ट जारी; बढ़ेगी ठंड

किसानों बागवानों की फसलों को हो रहा नुकसान

शेयर करें:

himachal weather 7 april

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम इन दिनों अपना रौद्र रूप दिखा रहा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी, तेज तूफान और ओलावृष्टि ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि जहां एक ओर आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है, वहीं बागवानों और किसानों पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ा है।

 

ऑरेंज अलर्ट के बीच मंगलवार को रोहतांग दर्रा सहित भरमौर और पांगी की चोटियों पर बर्फबारी हुई। शिमला में दोपहर बाद बादल बरसे। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मंगलवार को बादल छाए रहे। हवाएं चलने से फिर ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कांगड़ा, बिलासपुर, चंबा और ऊना जिलों में बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं ऊंचे पहाड़ी इलाकों—किन्नौर और लाहौल-स्पीति—में हल्के हिमपात की संभावना जताई गई है।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का अपाहिज सिस्टम : व्हील चेयर पर पड़े शख्स को बताया मु.र्दा- पेंशन भी की बंद

8 अप्रैल को भारी पड़ेगा मौसम

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 8 अप्रैल को प्रदेश में मौसम और अधिक खराब हो सकता है। इस दिन कई जिलों में तेज तूफान, भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। मौसम विभाग ने कल बुधवार को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन जिला के कई क्षेत्रों में अंधड़ और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में नौ अप्रैल को भी मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। दस अप्रैल को धूप खिलने की संभावना है। 11 से 13 तक फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कई जगह बारिश, बर्फबारी और अंधड़ के आसार हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: ट्रांसपोर्टर की हड़ताल ने बिगाड़े हालात, वाहनों के थमे पहिये; लोगों को झेलनी पड़ी परेशानी

लगातार बारिश से बिगड़े हालात

पिछले एक सप्ताह में सामान्य से काफी अधिक बारिश दर्ज की गई है, जिससे खेतों और बागानों को नुकसान पहुंचा है। खासकर सेब उत्पादक क्षेत्रों में ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई है। कई स्थानों पर सेब के फूल झड़ गए हैं, जबकि एंटी-हेल नेट और बांस के ढांचे भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

तापमान में आई गिरावट

लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण प्रदेश में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है, जिससे ठंड का असर एक बार फिर बढ़ गया है। इस बदलते मौसम ने किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ा दी है। फसलों और बागवानी पर पड़ रहे असर को लेकर लोग परेशान हैं और आने वाले दिनों में नुकसान बढ़ने की आशंका जता रहे हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में पाएं सरकारी नौकरी : 149 पदों पर निकली बंपर भर्ती, एक क्लिक में यहां जानें पूरी डिटेल

अगले कुछ दिन भी राहत नहीं

मौसम विभाग के अनुसार 9 अप्रैल तक मौसम खराब बना रहेगा, जबकि 10 अप्रैल से इसमें थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है। प्रदेश में मौसम के इस बदले मिजाज ने साफ कर दिया है कि फिलहाल राहत के आसार कम हैं और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, खासकर उन इलाकों में जहां ओलावृष्टि और भूस्खलन का खतरा अधिक बना हुआ है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख