#यूटिलिटी
April 4, 2026
हिमाचल में मौसम का 'ट्रिपल अ.टैक', सफेद हुए पहाड़; ओलावृष्टि ने मचाई तबाही; 6 दिन नहीं मिलेगी राहत
झमाझम बारिश के साथ कई जगहों पर हुई भारी बर्फबारी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में इन दिनों मौसम ने विकराल रूप धारण कर लिया है। पहाड़ों पर एक साथ तीन तरह की मार पड़ रही है—बारिश] बर्फबारी और ओलावृष्टि। इस ट्रिपल अटैक ने जहां आम जनजीवन को प्रभावित किया है] वहीं किसानों और बागवानों की चिंता भी बढ़ा दी है।
राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश दर्ज की गई] जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी ने ठंड को एक बार फिर जनवरी जैसा बना दिया है। रोहतांग, लाहौल-स्पीति, किन्नौर और अटल टनल के आसपास बर्फ की मोटी परत जम गई है, जिससे तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर और ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी जारी है। नाको, आसरंग और मलिंग जैसे इलाकों में ताजा हिमपात हुआ है। वहीं निचले क्षेत्रों में तेज आंधी के साथ बारिश ने मौसम को और ज्यादा अस्थिर बना दिया है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा एक्शन : 1500 करोड़ के जमीन घोटाले में होगी जांच, 11 दिन पहले फूटा था भांडा
ठियोग, सुजानपुर और आसपास के क्षेत्रों में हुई भारी ओलावृष्टि ने फसलों को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया है। सेब की फ्लावरिंग, मटर और फूलगोभी की फसलें बर्बादी की कगार पर पहुंच गई हैं। तेज हवाओं और तूफान ने हालात और बिगाड़ दिए हैं, जिससे किसानों-बागवानों की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
अटल टनल के साउथ पोर्टल से सोलंगनाला तक सड़क पर बर्फ जमने से कई वाहन फंस गए। फिसलन बढ़ने के कारण गाड़ियां स्किड करने लगीं। मनाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और फंसे वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाला।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में ओलावृष्टि और तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट लागू है। कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, चंबा और शिमला जैसे जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में अगले छह दिन तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान बारिश, बर्फबारी, तेज हवाएं और ओलावृष्टि का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो हिमाचल के कई भागों में 10 अप्रैल तक मौसम खराब बना रहेगा। विभाग ने कल 5 और छह अप्रैल को प्रदेश के छह जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। जबकि 7 व 8 अप्रैल को भी ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। सात अप्रैल को 10 जिलों को अलर्ट जारी किया गया। आठ अप्रैल को फिर से ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी दी गई है। यह अलर्ट ओलावृष्टि और तूफान को लेकर दिया गया है।
लगातार बर्फबारी और बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। कई इलाकों में अधिकतम तापमान 6 से 7 डिग्री तक गिर गया है और आने वाले दिनों में इसमें और कमी आने के आसार हैं।
मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और खासकर ऊंचे क्षेत्रों का रुख न करने की सलाह दी है। अटल टनल और आसपास के इलाकों में हिमस्खलन के खतरे को देखते हुए पर्यटन गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है।