शिमला। हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार और खाली चल रहे मंत्री पद को लेकर कांग्रेस के भीतर सियासी हलचल तेज होने लगी है। कुल्लू विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाए जाने की चर्चाओं और उम्मीदों के बीच अब तक उन्हें मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने से पार्टी के अंदर असंतोष के स्वर उभरने लगे हैं। इस पूरे घटनाक्रम में अब लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट ने सियासी पारे को और चढ़ा दिया है।
विक्रमादित्य सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कुल्लू जिले को मिले राजनीतिक महत्व और दोहरे नेतृत्व की परंपरा की याद दिलाई है। उनकी इस पोस्ट को मौजूदा कांग्रेस सरकार में कुल्लू की राजनीतिक हिस्सेदारी और क्षेत्रीय संतुलन को लेकर एक महत्वपूर्ण सियासी संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
वीरभद्र सरकार में कुल्लू को मिलता था दोहरा नेतृत्व
विक्रमादित्य सिंह ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है, "देवभूमि कुल्लू की अपनी एक अलग राजनीतिक पहचान और महत्व है। स्व. वीरभद्र सिंह जी की सरकारों में कुल्लू को दोहरा नेतृत्व देकर इस क्षेत्र का मान बढ़ाया गया था। हमें पूर्ण विश्वास है कि वर्तमान कांग्रेस सरकार क्षेत्रीय संतुलन को बनाए रखते हुए जिले को सत्ता में उसकी उचित हिस्सेदारी जरूर प्रदान करेगी।"
यह भी पढ़ें : हिमाचल : परिवार ने खोया 25 साल का जवान बेटा, 11 दिन से लड़ रहा था जिंदगी की जंग
इस पोस्ट में इस्तेमाल किए गए शब्दों के राजनीतिक मायने काफी अहम हैं। विक्रमादित्य सिंह ने सीधे तौर पर सुक्खू सरकार की आलोचना नहीं की है, लेकिन वीरभद्र सिंह सरकारों में कुल्लू को मिले दोहरे नेतृत्व का उदाहरण देकर मौजूदा सरकार के सामने क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व का सवाल जरूर खड़ा कर दिया है। खास बात यह है कि उन्होंने वर्तमान सरकार से कुल्लू को सत्ता में उचित हिस्सेदारी देने की उम्मीद जताई है। ऐसे में इस पोस्ट को कुल्लू की राजनीतिक उपेक्षा को लेकर कांग्रेस के भीतर चल रही चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।
सुंदर ठाकुर की मंत्री पद की उम्मीदों पर अब तक नहीं लगी मुहर
कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को लंबे समय से मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की चर्चाएं चलती रही हैं। प्रदेश मंत्रिमंडल में एक पद खाली होने के कारण कुल्लू जिले को प्रतिनिधित्व मिलने की उम्मीद भी मजबूत हुई थी। सुंदर सिंह ठाकुर की राजनीतिक सक्रियता और संगठन तथा सरकार में उनकी भूमिका को देखते हुए उनके नाम को मंत्री पद के संभावित दावेदारों में गिना जाता रहा है। हालांकि, अभी तक उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया गया है। इससे कुल्लू के राजनीतिक हलकों में भी सवाल उठने लगे हैं कि आखिर जिले को सरकार में उचित प्रतिनिधित्व कब मिलेगा?
यह भी पढ़ें : हिमाचल की जनता को बड़ा झटका....25 नवंबर से डिपुओं पर नहीं मिलेगा राशन, जानें क्या है कारण
अपनी ही सरकार के खिलाफ मुखर होने लगे सुंदर सिंह ठाकुर!
मंत्री पद को लेकर लंबे समय से चल रही चर्चाओं के बावजूद फैसला नहीं होने से सुंदर सिंह ठाकुर की नाराजगी भी सामने आने लगी है। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा है कि विधायक खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। वहींए उनके हालिया बयानों और सरकार के प्रति तल्ख रुख को भी इसी राजनीतिक पृष्ठभूमि में देखा जा रहा है। अभी हाल ही में सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री ना बनाने से उनके कार्यकर्ताओं ने इस्तीफे तक की चेतावनी दे दी थी। यहां तक कि खुद सुंदर सिंह ठाकुर ने 11 दिसंबर तक के बाद बड़ा फैसला लेने की बात कही है, जिसके चलते भी हिमाचल की सियासत गरमाई हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : 4 महीने पहले ही पहनी थी सेना की वर्दी, अब तिरंगे में लिपटी घर पहुंची अग्निवीर अक्षय की देह
विक्रमादित्य की पोस्ट के पीछे क्या है बड़ा राजनीतिक संदेश?
विक्रमादित्य सिंह की पोस्ट इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने कुल्लू को लेकर स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के राजनीतिक दृष्टिकोण का उल्लेख किया है। वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में कुल्लू को दोहरा नेतृत्व दिए जाने की बात याद दिलाकर उन्होंने एक तरह से यह संदेश दिया है कि प्रदेश के महत्वपूर्ण जिलों को सत्ता और संगठन में उनकी राजनीतिक ताकत के अनुरूप प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार को दिखाया आइना! 5 दिन से अंधेरे में था पूरा गांव, ग्रामीणों ने अपने पैसों से खरीदा ट्रांसफार्मर
राजनीतिक जानकारों के नजरिए से देखें तो इस पोस्ट के दो महत्वपूर्ण पहलू हैं। पहला, कुल्लू जिले की राजनीतिक पहचान और उसके प्रभाव को दोबारा चर्चा के केंद्र में लाना। दूसरा, मौजूदा सरकार के सामने क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने की अपेक्षा रखना। ऐसे समय में जब सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाए जाने की मांग और चर्चाएं चल रही हैं, विक्रमादित्य सिंह का यह बयान स्वाभाविक रूप से राजनीतिक चर्चाओं को नई दिशा दे रहा है।
आलाकमान और मुख्यमंत्री के सामने दोहरी चुनौती
हिमाचल कांग्रेस के भीतर शुरू हुई इस नई खींचतान ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और पार्टी हाईकमान के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। एक तरफ जहां सरकार के भीतर ही क्षेत्रीय असंतुलन को लेकर आवाजें उठने लगी हैं, वहीं विपक्षी दल भाजपा को भी कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर हमला करने का मौका मिल गया है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मुख्यमंत्री सुक्खू कब तक खाली पड़े मंत्री पद को भरते हैं और क्या कुल्लू जिले को कैबिनेट में जगह मिल पाती है या नहीं।
