#राजनीति
November 18, 2026
एक साल में ही बिखरने लगी थी सरकार

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन नियम-67 के तहत हुई चर्चा के दौरान सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार के चार साल के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए सरकार को हर मोर्चे पर विफल करार दिया, जिस पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने पलटवार किया।
सदन में चर्चा के दौरान जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने अपने चार साल के कार्यकाल में हिमाचल को चार दशक पीछे धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्राकृतिक आपदा ने प्रदेश को झकझोरा, तो दूसरी तरफ सरकार की गलत नीतियों ने जनता की मुश्किलें बढ़ाईं।
यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य सिंह की नए जिलों के गठन पर दोटूक, बोले- शिमला एक था-एक ही रहेगा
जयराम ने तंज कसते हुए कहा कि इस सरकार की शुरुआत ही खराब रही और बनने के एक साल के भीतर ही इनके विधायक पार्टी छोड़ गए। लोकसभा की चारों सीटों और पंचायती राज चुनावों के नतीजों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि जनता ने सरकार की विदाई के साफ संकेत दे दिए हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए पेखूबेला सोलर प्रोजेक्ट को इसका बड़ा उदाहरण बताया। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक बसों की खरीद पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने बिना सही ट्रायल के बसें खरीद लीं। इन्हें 80 रूटों पर चलाने का दावा किया गया था, लेकिन ये बसें 15 से 20 किलोमीटर चलने के बाद ही हांफने लगी हैं।
जयराम के आरोपों पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने तुरंत मोर्चा संभाला। उन्होंने सदन को बताया कि 297 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद के बदले कंपनी को अभी तक एक भी रुपया नहीं दिया गया है और इनका ट्रायल चल रहा है।
यह भी पढ़ें : चंबा में शिक्षकों की भारी कमी! MLA हंस राज के सवाल पर सरकार के जवाब से खुली पोल
समय पर बसें न देने के कारण कंपनी पर 37 करोड़ रुपये का जुर्माना प्रस्तावित है। उन्होंने दावा किया कि बसों के लिए 180 किलोमीटर चलने की शर्त थी, जबकि इनका औसत 193 किलोमीटर आ रहा है और तीन बसें तो शिमला से मनाली रूट पर भी चल रही हैं।
जयराम ठाकुर ने कृषि विश्वविद्यालय की जमीन, मेडिकल डिवाइस पार्क और कथित बेनामी सौदों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सरकार ने 'हिमाचल को बिक्री के लिए रख दिया है'। उन्होंने अधिकारियों को दो साल का सेवा विस्तार देने पर भी सवाल उठाए।
यह भी पढ़ें : विंटर सेशन : जयराम का आरोप, CM सुक्खू ने सदन में लांघी शब्दों की मर्यादा- मांगे माफी
इस पर पलटवार करते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विपक्ष 'मिशन रिपीट' की चर्चा से घबराया हुआ है और मुद्दों से भटक रहा है। उन्होंने भाजपा को चुनौती दी कि अगर विधानसभा और पीटरहॉफ को बेचने के कोई कागज हैं, तो सदन में पेश करें। मुकेश ने याद दिलाया कि 'हिमाचल फॉर सेल' का नारा कांग्रेस ने दिया था, जिसके बाद भाजपा सत्ता से बाहर हो गई थी।
वहीं, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने मेडिकल डिवाइस पार्क पर स्थिति साफ करते हुए कहा कि इसके लिए केंद्र से मिले 35 करोड़ रुपये वापस कर दिए गए हैं। अब प्रदेश सरकार खुद अपने दम पर यह पार्क बनाएगी, जिससे करीब एक हजार करोड़ रुपये का निवेश आएगा और युवाओं को रोजगार मिलेगा।