#राजनीति
November 19, 2026
1500 के मुद्दे पर भाजपा ने परिसर में किया प्रदर्शन, चार साल के एक साथ मांगे 72 हजार

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन गुरुवार को प्रदेश की राजनीति में उस समय खासा उबाल देखने को मिला, जब महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने की कांग्रेस सरकार की चुनावी गारंटी को लेकर विपक्ष ने दोहरे मोर्चे पर सरकार की घेराबंदी शुरू की। सुक्खू सरकार की इस गारंटी की सियासी तपिश आज हिमाचल विधानसभा के परिसर से लेकर धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम तक साफ तौर पर महसूस की गई।
एक तरफ विधानसभा परिसर में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अगुवाई में भाजपा विधायकों ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए महिलाओं को पिछले चार साल की 72 हजार रुपये की राशि एकमुश्त जारी करने की मांग उठाई, तो दूसरी तरफ जोरावर स्टेडियम में जुटी महिलाओं ने भी इस मुद्दे पर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की।
शीतकालीन सत्र के चौथे दिन भाजपा विधायकों ने महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने की गारंटी को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में विपक्षी विधायकों ने विधानसभा परिसर में एकजुट होकर कांग्रेस सरकार से जवाब मांगा। भाजपा नेताओं का कहना था कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने प्रदेश की महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के करीब चार साल बाद भी यह गारंटी सभी पात्र महिलाओं तक नहीं पहुंच पाई है।

यह भी पढ़ें : पैसे दो तो काम हो जाएगा.... हिमाचल में विजिलेंस ने 20 हजार रुपए लेते धरा रिश्वतखोर पुलिस सब इंस्पेक्टर
भाजपा ने इस पूरे मुद्दे को चार साल के हिसाब-किताब से जोड़ते हुए सरकार के सामने 72 हजार रुपये की मांग रखी। जयराम ठाकुर का तर्क है कि यदि महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये दिए जाने थे तो चार वर्षों में प्रत्येक महिला की कुल राशि 72 हजार रुपये बनती है। ऐसे में सरकार को केवल भविष्य में भुगतान का भरोसा नहीं देना चाहिए, बल्कि पिछले चार वर्षों की पूरी राशि एक साथ जारी करनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के समय प्रदेश की महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने की गारंटी दी थी। अब चार साल बीतने को हैं, लेकिन लाखों महिलाएं अपने हक की राशि का इंतजार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की मांग है कि प्रदेश की सभी पात्र महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह का लाभ दिया जाए और पिछले चार साल की बकाया राशि भी एकमुश्त उनके खातों में डाली जाए।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने 21 चिट्टा तस्कर पुलिसवालों को नौकरी से निकाला... 98 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त
विधानसभा परिसर में भाजपा विधायकों के प्रदर्शन के साथ ही धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में भी इसी मुद्दे पर राजनीतिक माहौल गर्माया रहा। यहां भाजपा महिला मोर्चा की ओर से जनसम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं जुटीं। महिलाओं ने 1500 रुपये की चुनावी गारंटी को लेकर सरकार से जवाब मांगा और बकाया राशि एक साथ जारी करने की मांग उठाई। भाजपा महिला मोर्चा ने इस जनसम्मेलन के माध्यम से कांग्रेस सरकार को महिलाओं से किए गए वादे की याद दिलाई।

भाजपा नेताओं ने इस दौरान प्रदेश की करीब 28 लाख महिलाओं तक इस गारंटी का लाभ पहुंचाने की मांग भी उठाई। विपक्ष का कहना है कि महिलाओं को मिलने वाला लाभ कुछ सीमित वर्गों तक ही नहीं रहना चाहिए, बल्कि कांग्रेस की चुनावी गारंटी के अनुरूप सभी पात्र महिलाओं को इसका फायदा मिलना चाहिए। भाजपा ने सरकार से यह भी स्पष्ट करने को कहा कि योजना का दायरा कितना है, कितनी महिलाओं को इसका लाभ मिल रहा है और शेष महिलाओं को कब तक इस योजना के दायरे में लाया जाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: चलती कार पर अचानक पहाड़ी से गिरे बड़े-बड़े पत्थर, चालक की मौके पर थम गईं सांसें
हिमाचल की राजनीति में महिलाओं को 1500 रुपये देने की गारंटी अब कांग्रेस सरकार के लिए विपक्ष के हमले का एक बड़ा मुद्दा बनती जा रही है। भाजपा इस मुद्दे को लगातार उठाकर सरकार को उसके चुनावी वादों की याद दिला रही है। शीतकालीन सत्र के दौरान जिस तरह विधानसभा परिसर और जोरावर स्टेडियम में इस मांग को लेकर प्रदर्शन हुए, उससे साफ है कि आने वाले दिनों में भी यह मुद्दा राजनीतिक बहस के केंद्र में रह सकता है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में निजी बस ने कुचल दिया बाइक सवार, घर से निकलते ही हो गया हा**दसा; पसरा मातम
आज धर्मशाला में सियासी तस्वीर काफी दिलचस्प रही। विधानसभा परिसर में भाजपा विधायक नारेबाजी करते नजर आए तो जोरावर स्टेडियम में महिलाओं ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। दोनों जगहों पर मुद्दा एक ही था- महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने की कांग्रेस की गारंटी। भाजपा ने चार साल के 72 हजार रुपये का हिसाब सामने रखकर सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अब सबकी निगाहें सुक्खू सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं कि वह महिलाओं की इस मांग और विपक्ष के सवालों का क्या जवाब देती है। फिलहाल, 1500 रुपये की गारंटी ने हिमाचल की सियासत में नई गर्माहट पैदा कर दी है।