मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने अपनी ही सरकार को लेकर खुलकर नाराजगी जताई है। बिजनी क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंच से ही CM सुखविंद्र सिंह सुक्खू की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए।
सुक्खू सरकार पर भड़के कांग्रेस के वरिष्ठ नेता
कौल सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि जब अपनी ही सरकार में काम समय पर नहीं हो रहे, तो फिर सत्ता का क्या फायदा। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कार्यकाल को याद करते हुए तुलना भी की। उनके अनुसार, वीरभद्र सिंह के समय में अगर कोई फाइल “अप्रूव” होती थी- तो आदेश तुरंत जारी हो जाते थे। जबकि अब मंजूरी के बावजूद फाइलें महीनों तक अटकी रहती हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 107 साल के मास्टर जी: इस उम्र में खुद करते हैं अपना सारा काम, सेहत का राज जान होंगे दंग
वीरभद्र मॉडल आपसे बेहतर था...
उन्होंने आरोप लगाया कि जहां आम कार्यकर्ताओं के काम लटकाए जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर विपक्षी दल से जुड़े लोगों के काम तेजी से निपटाए जा रहे हैं। इस बात को लेकर उन्होंने प्रशासनिक कार्यशैली पर भी सवाल उठाए।
स्कूलों में स्टाफ की कमी
उन्होंने द्रंग क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने स्कूलों के लिए प्राचार्यों के नाम सुझाए थे, लेकिन नियुक्तियां स्थानीय जरूरत के हिसाब से नहीं हुईं। एक प्राचार्य को काजा के किब्बर जैसे दूरदराज इलाके में भेज दिया गया। जबकि दूसरे को पन्जाई स्थानांतरित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद भी फाइलें अधिकारियों के स्तर पर अटक जाती हैं और यह समझ से परे है कि आखिर रुकावट कहां हो रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 2 महीने में ही शादी से तंग आई महिला, ससुराल में खाया जह*र- पिता ने खोले दामाद के राज
कार्यकर्ताओं में बढ़ रहा असंतोष
कौल सिंह ने यह भी कहा कि द्रंग के कई स्कूल आज भी शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं। जो शिक्षक पदोन्नत हुए, उन्हें भी क्षेत्र से बाहर भेज दिया गया। ऐसे में स्थानीय लोग और कार्यकर्ता लगातार उनके पास शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं, लेकिन उनके पास देने के लिए सिर्फ आश्वासन ही रह गया है।
प्रदेश की राजनीति में बढ़ी हलचल
जनसभा में खुले मंच से दिए गए इस बयान के बाद हिमाचल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पार्टी के भीतर इस तरह की सार्वजनिक नाराजगी को बड़े संकेत के रूप में देखा जा रहा है। बयान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिससे राजनीतिक चर्चाएं और गरम हो गई हैं।
