मंडी। हिमाचल के नप चुनावों के बाद अब अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद की लड़ाई तेज हो गई है। और जिला मंडी आखिरकार फिर जयराम ठाकुर की ही होती दिखी। जिस मंडी को कांग्रेस अपनी राजनीतिक ताकत का गढ़ बताने की कोशिश कर रही थी, वहीं जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत ने राजनीतिक तस्वीर बदल दी।
अमरु राम बने अध्यक्ष, बोदी देवी उपाध्यक्ष
मंडी जिला परिषद में अध्यक्ष पद के लिए अमरु राम और उपाध्यक्ष पद के लिए बोदी देवी के नाम का प्रस्ताव विधायक अनिल शर्मा ने रखा। भाजपा समर्थित सभी जिला परिषद सदस्यों ने सर्वसम्मति से दोनों नामों का समर्थन किया, जिसके बाद दोनों निर्विरोध निर्वाचित हुए।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा तोहफा : चुनाव हारने वाले मिड-डे मील कर्मियों को वापस मिलेगी नौकरी
चार जिला परिषदों में भाजपा का कब्जा
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की चार जिला परिषदों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर जीत दर्ज की है। उनके मुताबिक इन चुनावों में कांग्रेस का पूरी तरह सफाया हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की पूरी कोशिश की, लेकिन निर्वाचित प्रतिनिधियों ने भाजपा पर भरोसा जताकर कांग्रेस को करारा जवाब दिया।
कांग्रेस नामांकन तक नहीं भर सकी
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सबसे बड़ी बात यह रही कि चार जिला परिषदों में कांग्रेस अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए अपना उम्मीदवार तक खड़ा नहीं कर सकी। उनके अनुसार इससे साफ है कि कांग्रेस के पास न पर्याप्त संख्या बल बचा है और न ही जनसमर्थन। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की कार्यशैली से निराश है और इसका असर लगातार चुनावी नतीजों में दिखाई दे रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में रात 3 बजे आया फ्लैश फ्लड, मची भगदड़- कई सड़कें बंद, 6 दिन का ऑरेंज अलर्ट
राकेश जम्वाल ने भी साधा निशाना
विधायक राकेश जम्वाल ने भी कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी को लगातार हर चुनाव में हार का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के उस दावे को भी खारिज किया कि भाजपा की जीत केवल विधायकों की वजह से होती है। जम्वाल ने कहा कि ताजा नतीजों ने साबित कर दिया है कि प्रदेश में भाजपा का नेतृत्व जयराम ठाकुर के हाथों में मजबूत है और उनके नेतृत्व में पार्टी लगातार जीत दर्ज कर रही है।
