शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में इन दिनों कांग्रेस पार्टी के भीतर अध्यक्ष पद को लेकर जबरदस्त खींचतान मची है। प्रदेश में बीते 7 महीने 5 दिन से कांग्रेस का कोई संगठन नहीं है। कार्यकारिणी को 6 नवंबर 2024 को भंग किया जा चुका है, लेकिन अभी तक नया अध्यक्ष या जिला और ब्लॉक स्तर पर कोई ढांचा तैयार नहीं हुआ। इस सियासी ठहराव के बीच अब दिल्ली में हुई मुलाकातों से हलचल तेज हो गई है।
दिल्ली में मुकेश- विक्रमादित्य
बीते दिन PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने दिल्ली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। जानकारी के अनुसार, इन नेताओं ने संगठन निर्माण में हो रही देरी पर नाराजगी जताई और हाईकमान से जल्द निर्णय की मांग की। सूत्रों के मुताबिक, इन बैठकों में सिर्फ वीरभद्र सिंह की जयंती का न्योता नहीं दिया गया, बल्कि हिमाचल कांग्रेस की वर्तमान स्थिति और अध्यक्ष पद को लेकर गंभीर बातचीत हुई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : चिट्टा तस्करी करते पकड़े गए पति-पत्नी, धंधे से कमाए थे लाखों- पुलिस ने की प्रॉपर्टी जब्त
सुक्खू कैंप बनाम होली लॉज गुट
CM सुखविंदर सिंह सुक्खू अपनी पसंद के नेता को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाना चाहते हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने तीन नाम आगे किए हैं संजय अवस्थी, सुरेश कुमार और विनोद सुल्तानपुरी। लेकिन होली लॉज गुट यानी पूर्व CM वीरभद्र सिंह समर्थक इस पर सहमत नहीं हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : जेल में हुई पहचान, बाहर निकलते ही फर्जी कर्नल बना ठग- सेना में भर्ती का झांसा देकर लूटे युवा
इस खेमा चाहता है कि विक्रमादित्य सिंह को ही कांग्रेस अध्यक्ष बनाया जाए। कुछ दिन पहले एक फेसबुक पेज प्रतिभा सिंह पीसीसी प्रेसिडेंट नाम से इस संबंध में पोस्ट डाला गया, जिसमें 2027 के चुनाव के लिए विक्रमादित्य को बेस्ट चॉइस बताया गया।
अनिरुद्ध और राठौर के नाम भी चर्चा में
CM सुक्खू ने विकल्प के तौर पर कैबिनेट मंत्री अनिरुद्ध सिंह का नाम भी रखा है। बताया जा रहा है कि अनिरुद्ध मंत्री पद छोड़ने को तैयार नहीं हैं, इसलिए यह नाम भी अटक सकता है। दूसरी ओर, कुलदीप राठौर को लेकर हाईकमान सहमत दिख रहा है, लेकिन वे अपनी शर्तों के साथ ही यह जिम्मेदारी लेना चाहते हैं।
संगठनविहीन कांग्रेस, कार्यकर्ता हताश
प्रदेश में कांग्रेस संगठन की गैरमौजूदगी का असर जमीनी स्तर पर दिख रहा है। कोई जिला या ब्लॉक समिति नहीं है, जिससे कार्यकर्ताओं की आवाज न सरकार तक पहुंच रही है, न पार्टी फोरम तक। संगठन की यह शून्यता अब पार्टी के लिए संकट बनती जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : मीटर लगाने गए टीमेट का फिसला पांव, करंट ने छीने प्राण- डेढ़ महीने पहले ही हुई थी शादी
23 जून पर टिकी निगाहें
विक्रमादित्य सिंह ने कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं को 23 जून को शिमला आने का न्योता दिया है। इस दिन वीरभद्र सिंह की जयंती पर शिमला के रिज मैदान में उनकी प्रतिमा का अनावरण होगा। माना जा रहा है कि इस मौके पर संगठन को लेकर कोई बड़ा ऐलान हो सकता है।
