#हादसा
June 11, 2025
हिमाचल : मीटर लगाने गए टीमेट का फिसला पांव, करंट ने छीने प्राण- डेढ़ महीने पहले ही हुई थी शादी
गहरे सदमे में हैं हरविंदर के परिजन
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां उप तहसील हलोग धामी के सोलहमील क्षेत्र में एक विद्युत कर्मचारी की करंट लगने के कारण मौत हो गई है।
सबसे दुखद बात को यह है कि जिस कर्मचारी की मौत हुई है- उसकी शादी हुए अभी लगभग 45 दिन ही हुए हैं। उसकी पत्नी के हाथों की अभी मेहंदी भी नहीं उतरी उससे पहले ही उसके माथे का सिंदूर मिट गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कर्मचारी किसी मकान में नया मीटर लगाने गया था। मीटर लगाते वक्त कर्मचारी ऊंचाई से फिसल गया और LT लाइन से टकरा गया। इस दौरान कर्मचारी को करंट का जोरदार झटका लगा और वो गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया।
इस हादसे में उसके सिर के पीछे और नाक पर गंभीर चोट आई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों द्वारा आनन-फानन में उसे गंभीर हालत में उठाकर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हलोग धामी पुहंचाया गया। मगर तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद लोगों द्वारा मृतक के परिजनों को सूचित किया गया। मृतक की पहचान हरविंदर सिंह (29) के रूप में हुई है- जो कि कांगड़ा के देहरा में स्थित त्रिपल गांव का रहने वाला था। हरविंदर हलोग धामी में टीमेट के पद पर कार्यरत था। हरविंदर की मौत की खबर सुनकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। उसकी नई नवेली दुल्हन बेसुध हो गई है। इस हादसे के बाद परिजन गहरे सदमे में हैं।
फिलहाल, पुलिस टीम ने IGMC में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। हरविंदर के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। शादी वाले घर में जहां खुशियां ही खुशियां थी- वहां अब मातम पसरा हुआ है। जिस घर में बेटा डोली लेकर आया था- अब आज उसी बेटे की अर्थी घर से निकलेगी।