मंडी। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। मंडी में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर जोरदार हमला बोला और कई बड़े राजनीतिक संकेत दिए। अनुराग ठाकुर ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू किया जाएगा और केंद्र के “एक राष्ट्र, एक चुनाव” के प्रस्ताव को भी पूरी तरह समर्थन दिया जाएगा।

सुक्खू सरकार पर सीधा हमला

अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा कि भाजपा पर धर्म और जाति के आधार पर राजनीति करने के आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने सीएम को नसीहत देते हुए कहा कि आरोप लगाने से पहले तथ्यों और आंकड़ों के साथ सामने आएं। अनुराग ने कहा कि बिना प्रमाण के इस तरह के बयान देना जनता को गुमराह करने की कोशिश है।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा फैसला: अब नहीं मिलेगी सेवा विस्तार, पुनर्नियुक्ति; नई भर्तियों का रास्ता साफ

भाजपा का एजेंडा साफ: UCC और विकास

अनुराग ठाकुर ने जोर देकर कहा कि भाजपा का एजेंडा साफ है—समान कानून, मजबूत शासन और तेज विकास। उन्होंने कहा कि हिमाचल में भाजपा की सरकार बनते ही यूसीसी लागू कर एक समान नागरिक व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम उठाया जाएगा। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार सृजन और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना प्राथमिकता में रहेगा।

केंद्र की उपलब्धियों का किया जिक्र

अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि पिछले वर्षों में हिमाचल को 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में चल रही कई बड़ी परियोजनाएं केंद्र के सहयोग से ही संभव हो पाई हैं, लेकिन राज्य की कांग्रेस सरकार इस योगदान को स्वीकार करने से बचती रही है।

 

यह भी पढ़ें : विक्रमादित्य का विभाग बिन पैसों के हुआ 'अपाहिज', 20 विस क्षेत्रों की 224 सड़कों का लटका निर्माण

कांग्रेस पर राजनीतिक हमला

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार विकास के बजाय राजनीतिक बयानबाजी में उलझी हुई है। अनुराग ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की नीतियों ने युवाओं को निराश किया है और प्रदेश को पीछे धकेलने का काम किया है।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का अपाहिज सिस्टम : व्हील चेयर पर पड़े शख्स को बताया मु.र्दा- पेंशन भी की बंद

कार्यसमिति बैठक से चुनावी संदेश

मंडी में चल रही भाजपा कार्यसमिति की बैठक को आगामी चुनावों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे और संगठन को मजबूत करने के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई। अनुराग ठाकुर के तीखे तेवरों और बड़े ऐलानों ने साफ संकेत दे दिए हैं कि हिमाचल में आने वाले समय में राजनीतिक मुकाबला और भी ज्यादा आक्रामक होने वाला है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें