#राजनीति
September 24, 2026
हिमाचल में गजब की सियासत! कांग्रेस MLA के समर्थन में सड़क पर उतरी BJP, सुक्खू सरकार से की ये मांग
पूर्व मंत्री ने समर्थकों सहित सड़क पर किया प्रदर्शन, कांग्रेस विधायक के लिए मांगी कुर्सी
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में अक्सर कांग्रेस और भाजपा एक-दूसरे के खिलाफ सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करती हैं, लेकिन हिमाचल के कुल्लू जिला में प्रदेश की राजनीति का अलग ही रंग देखने को मिला। यहां कांग्रेस के मौजूदा विधायक के समर्थन में भाजपा नेताओं ने पूर्व बीजेपी मंत्री के साथ सड़कों पर उतरकर सुक्खू सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं और पूर्व मंत्री ने सीएम सुक्खू से एक ऐसी मांग भी की- जिसका कांग्रेस विधायक भी लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं।
दरअसल कुल्लू जिला के ढालपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता गोविंद सिंह ठाकुर के साथ सड़कों पर उतर कर कांग्रेस के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के समर्थन में सुक्खू सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का केंद्र बिंदु कुल्लू सदर से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को कैबिनेट में शामिल करने की मांग रही। भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री सुक्खू से मंत्रिमंडल विस्तार कर सुंदर सिंह ठाकुर को जल्द मंत्री बनाने की मांग की।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, गाड़ियां- गोल्ड बिस्किट, मकान और बैंक खाते किए सीज
सुंदर सिंह ठाकुर के मंत्रिमंडल में शामिल होने को लेकर हिमाचल की राजनीति में पिछले कई महीनों से चर्चा चलती रही है। अगस्त में मुख्यमंत्री सुक्खू की ओर से भी उनके जल्द मंत्री बनने के संकेत दिए गए थे। सितंबर में भी मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री की हाईकमान से चर्चा की खबरें सामने आई थीं।
ढालपुर मैदान में पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता गोविंद सिंह ठाकुर की अगुवाई में हुए इस अनूठे राजनीतिक प्रदर्शन ने हर किसी का ध्यान खींचा। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए गोविंद सिंह ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में जारी हुआ भारी से भी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, विदाई से पहले मानसून दिखाएग रौद्र रूप
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जब से कांग्रेस सत्ता में आई है, जनता को सिर्फ धोखे ही मिले हैं। लेकिन अब तो हद हो गई है—मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू न केवल प्रदेश की जनता को, बल्कि अपनी ही पार्टी के विधायकों को भी ठगने का काम कर रहे हैं। कुल्लू से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर पिछले चार सालों से मंत्री बनने का सपना संजोए बैठे हैं। मुख्यमंत्री हर बार जल्द मंत्रिमंडल विस्तार का झुनझुना थमा देते हैं, लेकिन वादा कभी पूरा नहीं करते।
कुल्लू विधायक सुंदर सिंह ठाकुर का नाम लंबे समय से प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार के साथ जुड़ा रहा है। अगस्त में मुख्यमंत्री सुक्खू ने सार्वजनिक रूप से उनके जल्द मंत्री बनने के संकेत दिए थे। उस समय रिपोर्टों में यह भी कहा गया था कि कैबिनेट विस्तार के साथ कुछ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल की संभावना है। सितंबर की शुरुआत में अमर उजाला ने रिपोर्ट किया था कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने कैबिनेट विस्तार को लेकर कांग्रेस हाईकमान से चर्चा की है और सुंदर सिंह ठाकुर के नाम पर फैसला होने की जानकारी सामने आई थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पिता के बाद अब 18 वर्षीय बेटी की भी सतलुज नदी में मिली देह, 12 दिन से थे लापता
भाजपा नेताओं ने मंच से प्रदेश सरकार के लगभग चार साल के कार्यकाल की विफलताओं का लेखा-जोखा रखा। पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार जनकल्याणकारी संस्थानों को बंद करने और युवाओं को रोजगार के नाम पर गुमराह करने के लिए जानी जाएगी। हर साल एक लाख पक्की नौकरियां देने का वादा पूरी तरह से जुमला साबित हुआ है। भाजपा अब पूरे राज्य में सरकार की इन्हीं जनविरोधी नीतियों और नाकामियों का पर्दाफाश करने के लिए सड़कों पर है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: बाथरूम में थी मां.. पीछे से पानी से भरी बाल्टी में डूब गई डेढ़ साल की मासूम; पसरा मातम
प्रदर्शन के दौरान ढालपुर में उस समय काफी गहमागहमी देखने को मिली जब भाजपा युवा मोर्चा (BJYM) के कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला दहन करने की कोशिश की। हालांकि, अलर्ट मोड पर खड़ी पुलिस की मुस्तैदी के आगे कार्यकर्ताओं की योजना धरी की धरी रह गई। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने गाड़ियों में छिपाकर तीन बार पुतला दहन स्थल तक लाने का प्रयास किया, लेकिन हर बार सतर्क पुलिस जवानों ने पुतले को अपने कब्जे में ले लिया और कार्यकर्ताओं को कामयाबी नहीं मिल सकी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में कार से मिली ढेर सारी कैश, चिट्टा और चरस : 4 युवक हुए गिरफ्तार
कुल्लू को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व देने की मांग लंबे समय से राजनीतिक चर्चा का विषय रही है। अगस्त की रिपोर्टों में भी कुल्लू से सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना प्रमुखता से सामने आई थी। अब भाजपा का इसी कांग्रेस विधायक के समर्थन में सड़क पर उतरना कुल्लू की स्थानीय राजनीति में खासा दिलचस्प घटनाक्रम बन गया है। हालांकि भाजपा का प्रदर्शन सरकार के खिलाफ था, लेकिन उसकी प्रमुख मांग कांग्रेस विधायक को मंत्री बनाने से जुड़ी रही।
एक तरफ कुल्लू में भाजपा ने सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाने की मांग को लेकर सरकार को घेरा है, वहीं दूसरी तरफ प्रदेश स्तर पर मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कांग्रेस के भीतर भी लंबे समय से चर्चा चल रही है। अगस्त और सितंबर की रिपोर्टों में सुंदर सिंह ठाकुर का नाम संभावित नए मंत्री के तौर पर लगातार सामने आया है। अब देखना यह है कि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर आगे क्या फैसला होता है और कुल्लू के इस राजनीतिक मुद्दे पर सुक्खू सरकार की अगली कार्रवाई क्या रहती है।