शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला की ठंडी हवा में आज राजनीति की तपिश घुलने वाली है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र दोपहर बाद शुरू हो रहा है और पहले ही दिन से सदन में टकराव के संकेत मिल रहे हैं। परंपरा, प्रक्रिया और प्रस्ताव तीनों एक साथ सामने हैं, ऐसे में सत्र की शुरुआत ही सियासी तनाव के माहौल में होने की संभावना है।

सदन की शुरुआत और संभावित टकराव

विधानसभा का बजट सत्र आज दोपहर 2 बजे शुरू होगा। सत्र की औपचारिक शुरुआत राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल के अभिभाषण से की जाएगी। अभिभाषण के बाद शोकोद्गार होगा और इसके तुरंत बाद सदन की कार्यवाही आगे बढ़ेगी।

 

यह भी पढ़ें : अनुराग ठाकुर बोले- सीएम सुक्खू मेरे साथ चलें दिल्ली; कर्ज पर ब्याज दर करवाएंगे कम


पहले ही दिन संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान राजस्व घाटा अनुदान यानी RDG बंद किए जाने को लेकर चर्चा का प्रस्ताव सदन में लाने जा रहे हैं। यही प्रस्ताव आज के सत्र का सबसे संवेदनशील मुद्दा माना जा रहा है।

राज्यपाल के अभिभाषण पर अड़ सकता है विपक्ष

सत्र शुरू होने से पहले ही विपक्ष के तेवर साफ दिखने लगे हैं। बीजेपी परंपरा का हवाला देते हुए राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा की मांग कर सकती है। ऑल पार्टी मीटिंग में भी विपक्ष यह स्पष्ट कर चुका है कि RDG कोई स्थायी व्यवस्था नहीं थी और यह सिर्फ हिमाचल ही नहीं, बल्कि 17 राज्यों में बंद की गई है। इन्हीं बिंदुओं को लेकर सदन में हंगामे की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि सरकार RDG के मुद्दे पर केंद्र को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश कर रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: रसोई में खाना बना रही थी मां, पास खड़ा था बेटा, अचानक सिलेंडर में हुआ जोरदार धमा*का

दो चरणों में हो रहा बजट सत्र

इस बार का बजट सत्र कई मायनों में अलग है। प्रदेश के इतिहास में पहली बार विधानसभा का बजट सत्र दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। फिलहाल पहले चरण के तहत 16 से 18 फरवरी तक तीन बैठकें तय की गई हैं। दूसरे चरण की तारीखों को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि बजट पेश होने के बाद अगला चरण बुलाया जाएगा।

विधेयकों पर भी रहेगी नजर

बजट सत्र के दौरान कई अहम विधेयकों को भी सदन के पटल पर रखा जाएगा। हिमाचल प्रदेश नगर निगम द्वितीय संशोधन विधेयक 2025 को पुनर्विचार के लिए लाया जाएगा। इस विधेयक में नगर निगम के महापौर और उप महापौर का कार्यकाल पांच साल करने का प्रावधान है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: सेप्टिक टैंक महिला देह मामला... पति ने अ*वैध संबधों के चलते मौ*त के घाट उतारी थी पत्नी


इसके अलावा भू-संपदा विनयमन और विकास से जुड़े हिमाचल प्रदेश संशोधन विधेयक 2025 को भी दोबारा सदन में पेश किया जाएगा। इस विधेयक में रेरा अध्यक्ष की नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े प्रावधानों में बदलाव प्रस्तावित हैं, जिस पर फिर संशोधन की संभावना जताई जा रही है।

125 सवालों से भरा एजेंडा

विधानसभा सचिवालय को इस सत्र के लिए अब तक कुल 125 प्रश्न प्राप्त हुए हैं। इनमें 111 तारांकित और 14 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। सवालों का दायरा स्कूलों के विलय से लेकर सड़कों और पुलों के निर्माण, पेयजल आपूर्ति, पर्यटन, नशा नियंत्रण, विभिन्न विभागों में खाली पदों और बढ़ते आपराधिक मामलों तक फैला हुआ है।

विधायक दल की बैठक आज

सत्र से पहले राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कांग्रेस विधायक दल की बैठक लेकर रणनीति तय करेंगे। वहीं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बीजेपी विधायक दल की बैठक में सरकार को घेरने की रूपरेखा बनाएंगे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : सुबह-सवेरे खाई में गिरी कार- 3 की मौ.त, बचपन के दोस्तों की एक ही दिन जलेगी चिता


इसके साथ ही दोपहर एक बजे स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में ऑल पार्टी मीटिंग बुलाई गई है, जिसमें दोनों पक्षों से सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने की अपील की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें