बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए रेल कनेक्टिविटी को लेकर एक बड़ी उम्मीद सामने आई है। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के प्रयासों से अब हिमाचल के एक और जिले में आने वाले समय में ट्रेन का हूटर सुनाई देने की संभावना है। वर्षों से रेल सुविधा का इंतजार कर रहे बिलासपुर जिला के लोगों का सपना मार्च 2028 तक पूरा होने की उम्मीद जताई गई है।
भाजपा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने दावा किया है कि मार्च 2028 तक बिलासपुर में ट्रेन पहुंचेगी और क्षेत्र के लोगों को रेल यात्रा की सुविधा मिल सकेगी। यदि यह लक्ष्य पूरा होता है तो बिलासपुर के विकास, पर्यटन और कारोबार को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। मंगलवार को घुमारवीं उपमंडल के हटवाड़ (गलाही) पहुंचे अनुराग ठाकुर ने इस बात का खुलासा किया।
मार्च 2028 में बिलासपुर तक पहुंचेगी ट्रेन
बिलासपुर के लिए रेल सुविधा लंबे समय से एक बड़ी मांग रही है। अब इस दिशा में मार्च 2028 की समयसीमा सामने आने के बाद लोगों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि आने वाले समय में बिलासपुर तक रेल पहुंचने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन के लिए बेहतर विकल्प मिलेगा। अभी तक लंबी दूरी की यात्रा के लिए सड़क मार्ग पर निर्भर रहने वाले लोगों को रेल सुविधा का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि ट्रेन के पहुंचने से बिलासपुर की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
यह भी पढ़ें : बड़ा हादसा... 120 फीट गहरी खाई में गिरी बस, 9 लोगों की मौ**त, 27 घायल
रेल सुविधा से पर्यटन- कारोबार को मिलेगी नई उड़ान
बिलासपुर में रेल कनेक्टिविटी विकसित होने से केवल यात्रियों को ही सुविधा नहीं मिलेगी, बल्कि इसका असर स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी पड़ सकता है। रेल सुविधा से पर्यटकों की आवाजाही आसान होगी और क्षेत्र के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। इसके अलावा व्यापारियों, किसानों और स्थानीय कारोबारियों को भी परिवहन के बेहतर विकल्प उपलब्ध हो सकते हैं। सांसद ने कहा कि बिलासपुर तक ट्रेन पहुंचना क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
सहकारी सभा भवन के उद्घाटन समारोह में पहुंचे थे अनुराग
अनुराग ठाकुर मंगलवार को घुमारवीं उपमंडल के हटवाड़ (गलाही) में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां उन्होंने हटवाड़ कृषि सेवा सहकारी सभा समिति के नवनिर्मित भवन की दूसरी मंजिल का उद्घाटन किया। करीब 35 लाख रुपये की लागत से तैयार इस भवन से क्षेत्र के लोगों और सहकारी समिति से जुड़े सदस्यों को सुविधाएं मिलेंगी। कार्यक्रम के दौरान सांसद ने स्थानीय लोगों से संवाद भी किया और क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखी।
यह भी पढ़ें : 'हिमाचल ऑन सेल' पर सदन में हंगामा: जयराम ठाकुर और मुकेश अग्निहोत्री में जमकर हुई तकरार
पैसा केंद्र का और फट्टे अपने नाम के लगवा रही प्रदेश सरकार
कार्यक्रम के दौरान अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करवा रही है, लेकिन प्रदेश सरकार केंद्र के सहयोग से होने वाले कार्यों का श्रेय खुद लेने में लगी हुई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि केंद्र से पैसा आता है और प्रदेश सरकार विकास कार्यों पर अपने नाम के फट्टे लगवा देती है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने हमेशा हिमाचल प्रदेश के अधिकारों और हितों की लड़ाई लड़ी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल से लौट रहे पंजाबी श्रद्धालुओं की पिकअप टिप्पर से टकराई, तीन की मौके पर मौ**त
हिमाचल के हक की लड़ाई का किया जिक्र
सांसद ने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) में हिमाचल प्रदेश के अधिकारों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा ने प्रदेश को उसका हक दिलाने के लिए अधिकार यात्रा से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक संघर्ष किया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकारों ने अदालत में हलफनामे दाखिल कर हिमाचल का पक्ष मजबूती से रखा। अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेताओं का प्रदेश के अधिकारों की लड़ाई में कोई खास योगदान नहीं रहा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा हिमाचल के हितों को प्राथमिकता दी है।
यह भी पढ़ें : 'जमीन की फर्जी रजिस्ट्रियां बंद करो' BJP का बैनर लेकर सदन के बाहर प्रदर्शन; सुक्खू सरकार को घेरा
किशाऊ बांध का श्रेय भी PM मोदी को दिया
अनुराग ठाकुर ने किशाऊ बांध परियोजना का उल्लेख करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की पहल का परिणाम बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुक्खू और प्रदेश की कांग्रेस सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से आगे बढ़ रहे कार्यों का श्रेय लेने का प्रयास कर रही है। उनके अनुसार, हिमाचल के विकास और अधिकारों से जुड़े मामलों में केंद्र सरकार लगातार सहयोग कर रही है।
कार्यक्रम में ये गणमान्य लोग रहे मौजूद
हटवाड़ कृषि सेवा सहकारी सभा समिति के प्रधान हेमराज शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जोरावर सिंह, ब्रह्मदास गौतम, जमना देवी, रक्षा कपिल, रतन धीमान, यशपाल सिंह, मनीष, राजेश कुमार, अमरनाथ और गुड्डी देवी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में रेल सुविधा और विकास कार्यों को लेकर अपनी उम्मीदें जाहिर कीं।
