हमीरपुर। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए जघन्य आतंकी हमले के विरोध में रविवार को हमीरपुर के गांधी चौक पर भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अगुवाई सांसद व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने की, जिन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इस हमले को 'कायराना, निंदनीय और मानवता को शर्मसार करने वाला' बताया।
अनुराग ने पाकिस्तान पर बोला हमला
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और ISI तथा पाकिस्तानी सेना को आतंकी हमले का जिम्मेदार ठहराया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि पाकिस्तान ने एक बार फिर अपने चरित्र को उजागर कर दिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : मंदिरों को भी नहीं बख्श रहे तस्कर, लंगर भवन में छिपा रखी थी खेप- पुलिस ने ऐसे पकड़ा
कांग्रेस पर लगाए आरोप
"27 निर्दोष श्रद्धालुओं की हत्या केवल एक धर्म विशेष के लोगों को निशाना बनाकर की गई है, जो दिखाता है कि पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद अब भी सांप्रदायिक जहर उगल रहा है।" उन्होंने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जहां कांग्रेस की सरकारें हैं, वहां पाकिस्तानी नागरिकों को पनाह दी जा रही है।
उनकी भाषा में दिया जाए जवाब
अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल सरकार आंखें मूंदे बैठी है। क्या हम इंतजार कर रहे हैं कि हिमाचल में भी पहलगाम जैसे हालात पैदा हों? अब वक्त आ गया है कि पाकिस्तान को उसकी ही भाषा में जवाब दिया जाए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल घूमने आई लड़कियां बोलेरो से क्यों कूदी, ड्राइवर ने रखा अपना पक्ष- बोला मेरी कोई गलती नहीं
पाकिस्तानी नागरिकों की जानकारी जुटाई जाए
इस प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने उपायुक्त हमीरपुर को ज्ञापन सौंपा, जिसमें प्रदेश में अवैध या वैध तरीके से रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर उन्हें निष्कासित करने की मांग की गई। भाजपा नेताओं का कहना है कि हिमाचल एक शांतिप्रिय राज्य है और इसकी शांति को बनाए रखने के लिए सतर्कता जरूरी है।
