ऊना। हिमाचल प्रदेश में पंजाब के वाहनों पर खालिस्तानी प्रतीकों की रोकथाम को लेकर छिड़े विवाद ने सियासी तूल पकड़ लिया है। इस मुद्दे पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार इस विवाद को सही ढंग से नहीं सुलझा पाई, जिससे राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति और भी खराब हो गई है।

प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवाल

ऊना के हरोली मंडल में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल होने पहुंचे अनुराग ठाकुर ने हिमाचल की कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद से अपराध और माफिया गतिविधियों में वृद्धि हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है और जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।

यह भी पढ़ें : झंडे पर बवाल: खालिस्तानियों के निशाने पर HRTC की बसें नहीं, हिमाचल की नाकाबंदी

मौजूदा सरकार संवेदनहीन

उन्होंने कहा, "पंजाब के वाहनों पर खालिस्तानी प्रतीकों की रोकथाम के फैसले के बाद उपजे विवाद को सरकार ठीक से नहीं संभाल पाई। यह विषय संवेदनशील था और इसे सुलझाने के लिए दूरदर्शिता और मजबूत प्रशासनिक इच्छाशक्ति की जरूरत थी, जो कि मौजूदा सरकार में दिखाई नहीं दी।" अनुराग ठाकुर ने आगे कहा कि, हिमाचल की बसों पर पथराव और उन पर खलिस्तानी पोस्टर चिपकाने की घटना निंदनीय है और यह पूरी तरह क़ानून व्यवस्था के ध्वस्त होने का प्रमाण है। मुख्यमंत्री घटना के दोषियों पर जल्द से जल्द कार्यवाई करें ताकि बसों में सफ़र करने वाले यात्री बेख़ौफ़ आवागमन कर सकें।

कांग्रेस सरकार की गारंटियों पर उठाए सवाल

अनुराग ठाकुर ने प्रदेश सरकार की 10 गारंटियों को लेकर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को पूरा करने में सरकार पूरी तरह से नाकाम रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने जिन योजनाओं की घोषणा की थी, उनमें से अधिकतर अब तक लागू नहीं हुई हैं। साथ में उन्होंने कहा कि, "कांग्रेस सरकार की गारंटियां महज दिखावा हैं। चुनावी वादों के नाम पर जनता को गुमराह किया गया और अब सरकार उन वादों से मुकर रही है।"

हिमाचल की आर्थिक स्थिति पर चिंता

भाजपा सांसद ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर भी कांग्रेस सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल की वित्तीय स्थिति लगातार बिगड़ रही है और सरकार को इसे संभालने के लिए कोई ठोस योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि विकास कार्य ठप पड़ गए हैं और सरकारी खजाने की हालत बदतर होती जा रही है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल सरकार लाने जा रही नई ट्रांसफर पॉलिसी, ट्राइबल एरिया में कोई पद नहीं रहेगा खाली

बजट भी ‘जनता के साथ छलावा’

हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में पेश किए गए बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुराग ठाकुर ने इसे जनता के साथ छलावा बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की योजनाओं में बदलाव कर जनता को ठगने का काम किया है। उन्होंने कहा, "सरकार ने जो बजट पेश किया है, उसमें कोई ठोस नीति नजर नहीं आती। यह बजट प्रदेश की जनता के लिए राहत नहीं, बल्कि बोझ साबित होगा।"

भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा

अनुराग ठाकुर ने ऊना के हरोली मंडल में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर वर्तमान राजनीतिक हालात पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों के लिए कमर कसने और कांग्रेस सरकार की नाकामियों को जनता के सामने लाने की अपील की।

यह भी पढ़ें : हिमाचल की बसों को पंजाब में मिलेगी सुरक्षा, होशियारपुर के 10 रूटों पर बस सस्पेंड

पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में कानून व्यवस्था, आर्थिक स्थिति और सरकार की गारंटियों को लेकर सुक्खू सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार न केवल जनता को गुमराह कर रही है, बल्कि प्रदेश की कानून व्यवस्था को भी दांव पर लगा रही है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए सक्रिय होने का संदेश देते हुए सरकार की असफलताओं को उजागर करने का आह्वान किया।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें