ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। उपमंडल बंगाणा के चौकीमन्यार गांव की 21 वर्षीय युवती की स्वाइन फ्लू से मौत हो गई है। युवती की मृत्यु के बाद पूरे क्षेत्र में भय और सतर्कता का माहौल है, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए परिवार और आसपास के लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं।
स्वाइन फ्लू से युवती की मौत
जानकारी के अनुसार, चौकीमन्यार की यह युवती कुछ दिन पहले तेज़ बुखार, सिरदर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के साथ स्वास्थ्य केंद्र धुसाड़ा पहुंची थी। प्रारंभिक उपचार के दौरान जब उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ, तो डॉक्टरों ने उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया।
यह भी पढ़ें: राफेल पर राष्ट्रपति मुर्मू संग दिखीं हिमाचल की पायलट बहू, बेनकाब हुआ पाकिस्तान का झूठ
बुखार और सांस लेने में थी तकलीफ
ऊना में भी चिकित्सकों को युवती में स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण नजर आए, जिसके बाद उसे तुरंत पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया। PGI चंडीगढ़ में जांच के दौरान युवती का स्वाइन फ्लू टेस्ट पॉजिटिव आया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
चिकित्सकों ने उसे आईसोलेशन में रखकर इलाज शुरू किया, लेकिन संक्रमण पहले से ही गंभीर अवस्था में पहुंच चुका था। सभी प्रयासों के बावजूद युवती ने 28 अक्टूबर की सुबह दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें: हिमाचल : चरस सप्लाई करने निकला था तस्कर, नाके पर पुलिस ने पकड़ा- पहुंचा सलाखों के पीछे
गांव में दहशत, स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी
इस घटना के बाद चौकीमन्यार और आसपास के गांवों में स्वाइन फ्लू को लेकर दहशत फैल गई है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर मृतका के परिजनों सहित पांच लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। साथ ही पूरे क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ताकि संक्रमण के फैलाव को समय रहते रोका जा सके।
स्थिति नियंत्रण में है
जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। उन्होंने कहा, “हमने मृतका के परिवार और निकट संपर्क में आने वालों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
यह भी पढ़ें: बड़ी खबर : पूरी संजौली मस्जिद पर चलेगा बुलडोजर, अदालत बोली- सभी मंजिलें अवैध
फिलहाल किसी अन्य व्यक्ति में स्वाइन फ्लू के लक्षण नहीं पाए गए हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी जारी है। डॉ. वर्मा ने लोगों से अपील की कि बुखार, खांसी या सांस लेने में कठिनाई जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
स्वाइन फ्लू क्या है?
स्वाइन फ्लू, जिसे H1N1 इन्फ्लूएंजा वायरस के नाम से भी जाना जाता है, एक संक्रामक बीमारी है जो हवा के माध्यम से फैलती है। इसके लक्षण सामान्य फ्लू जैसे होते हैं- तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, शरीर में दर्द, थकान और कभी-कभी उल्टी या दस्त। गंभीर मामलों में यह फेफड़ों पर असर डालती है और सांस लेने में दिक्कत हो सकती है।
यह भी पढ़ें: इलाज न मिलने से युवकों की मौ*त - एक अस्पताल में नहीं थे डॉक्टर, दूसरा था बंद
कैसे करें बचाव?
- स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क करते हुए कहा है कि-
- नियमित रूप से हाथ साबुन या सैनिटाइजर से धोएं।
- खांसते या छींकते समय रूमाल या टिश्यू का प्रयोग करें।
- भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनना न भूलें।
- संक्रमित व्यक्ति से दूरी बनाए रखें।
- पर्याप्त नींद और पौष्टिक आहार लें ताकि प्रतिरोधक क्षमता मजबूत रहे।
- बिना डॉक्टर की सलाह के कोई दवा न लें।
ग्रामीणों में चिंता का माहौल
गांव के लोगों ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग की लगातार निगरानी और परिजनों को दी जा रही दवाईयों से ग्रामीणों में राहत भी है। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने भी लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और विभागीय निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
