#उपलब्धि
October 30, 2025
राफेल पर राष्ट्रपति मुर्मू संग दिखीं हिमाचल की पायलट बहू, बेनकाब हुआ पाकिस्तान का झूठ
आकाश में गूंजा हिमाचल की बहू का नाम-ससुराल में खुशी की लहर
शेयर करें:

कांगड़ा। राफेल युद्धक विमान उड़ाने वाली भारत की पहली महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर शिवांगी सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। बुधवार को अंबाला एयरबेस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ उनकी तस्वीर सामने आते ही हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के डरोह कस्बा स्थित उनके ससुराल में खुशी की लहर दौड़ गई।
गांव के लोग और परिवारजन गर्व से झूम उठे कि देश की इस बहादुर बेटी ने एक बार फिर प्रदेश का मान बढ़ाया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बुधवार को वायुसेना दिवस से जुड़े एक विशेष कार्यक्रम के सिलसिले में अंबाला एयरबेस पहुंची थीं, जहां उन्होंने भारतीय वायुसेना की महिला शक्ति से मुलाकात की।
इसी दौरान राष्ट्रपति के साथ खड़ी राफेल पायलट शिवांगी सिंह की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। फोटो सामने आते ही डरोह के कस्बा गांव व शिवांगी सिंह के परिवार में जश्न का माहौल बना हुआ है।
हाल ही में भारतीय वायुसेना के “ऑपरेशन सिंदूर” के दौरान पाकिस्तान ने एक झूठा प्रचार फैलाया था कि भारत की राफेल पायलट शिवांगी सिंह को हिरासत में ले लिया गया है। इस खबर से कुछ समय के लिए भ्रम की स्थिति बनी, लेकिन भारतीय वायुसेना ने तुरंत स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह मनगढ़ंत और भ्रामक जानकारी है। उस वक्त भी डरोह में उनके परिजन पूरी तरह शांत और आश्वस्त रहे कि शिवांगी सिंह सुरक्षित हैं और देश सेवा में डटी हैं।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी की रहने वाली शिवांगी सिंह की शादी डरोह पंचायत के कस्बा गांव के आकिल शर्मा के साथ हुई है। आकिल शर्मा का परिवार सेना से गहरा जुड़ाव रखता है। उनके दादा ज्ञान चंद शर्मा डोगरा रेजिमेंट से सेवानिवृत्त हुए थे, जबकि पिता सुनील कुमार शर्मा सेना के सिग्नल कोर से नायक के पद पर सेवामुक्त हुए हैं। इस सैन्य पृष्ठभूमि ने भी परिवार में देशभक्ति की भावना को गहराई से जगा रखा है।
अपनी बहू की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए शिवांगी सिंह के ससुर सुनील कुमार शर्मा ने कहा, “हम अपने बच्चों को केवल पढ़ा सकते हैं और संस्कार दे सकते हैं, लेकिन जो मुकाम शिवांगी ने हासिल किया है, वह उसकी अपनी लगन और अनुशासन का परिणाम है। उसने पूरे परिवार और प्रदेश का सिर ऊंचा किया है।
गांव के बुजुर्गों और युवाओं ने भी शिवांगी की उपलब्धि को लेकर गर्व जताया और कहा कि हिमाचल की यह बहू नई पीढ़ी की महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। स्क्वाड्रन लीडर शिवांगी सिंह ने राफेल विमान उड़ाकर न केवल भारतीय वायुसेना में महिलाओं के लिए एक नया अध्याय लिखा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत की एयर पावर और महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश की।