शिमला। हिमाचल सरकार ने प्रदेश के कई सरकारी स्कूलों को CBSE पैटर्न में करने का फैसला तो ले लिया है, मगर अब अपने ही इस फैसले में सरकार उलझती दिखाई दे रही है। शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी के कारण अब बच्चों को इसका सीधा असर पड़ रहा है। प्रदेश के 158 सरकारी CBSE स्कूलों के हजारों बच्चों ने नाम वापस लेकर दूसरे सरकारी या निजी स्कूलों में दाखिला ले लिया है। शिक्षा निदेशालय ने पूरी स्थिति की रिपोर्ट सचिव शिक्षा राकेश कंवर को भेज दी है।
भर्ती पर अब भी नहीं बना फैसला
सरकार अभी तक यह तय नहीं कर पाई है कि शिक्षकों की नियुक्ति चयन परीक्षा की मेरिट के आधार पर होगी या किसी अन्य व्यवस्था के तहत। हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है, जिससे स्कूलों में पढ़ाई व्यवस्था को लेकर असमंजस बना हुआ है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: वेल्डिंग सीखने गया था 18 वर्षीय युवक- करंट लगने से हुआ बेसुध, अस्पताल में तोड़ा दम
सब-कमेटी ने सौंप दी रिपोर्ट
CBSE स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में गठित कैबिनेट सब-कमेटी अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप चुकी है। समिति में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी और तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी भी शामिल हैं। समिति ने चयन परीक्षा की मेरिट के आधार पर शिक्षकों की नियुक्ति करने की सिफारिश की है, लेकिन सरकार ने अभी अंतिम फैसला नहीं लिया है।
2217 छात्रों ने छोड़े स्कूल
शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रदेश के 158 सरकारी CBSE स्कूलों में 82,717 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया था। इनमें 11,721 छात्र निजी स्कूलों से सरकारी CBSE स्कूलों में आए थे। लेकिन शिक्षकों की कमी और अनिश्चितता के बीच 2217 विद्यार्थियों ने दोबारा इन स्कूलों से नाम वापस ले लिया। सबसे अधिक शिमला के पोर्टमोर स्कूल से 100 से ज्यादा छात्रों ने स्कूल छोड़ा, जबकि सरकाघाट और बद्दी से करीब 40-40 विद्यार्थियों ने नामांकन वापस लिया।
यह भी पढ़ें : चंडीगढ़ में बहुमंजिला इमारत गिरने से हिमाचल के युवक की मौ.त, 5 घंटे मलबे में फंसा रहा...
विभाग का दावा- पद लगभग भर दिए
शिक्षा विभाग का कहना है कि अंग्रेजी और गणित विषय के 400-400 शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है। इसके अलावा हाल ही में 21 अन्य शिक्षकों की भी तैनाती की गई है, जिससे अधिकांश रिक्त पद भरने का दावा किया गया है। हालांकि नियमित नियुक्ति पर अंतिम फैसला अभी भी सरकार के स्तर पर लंबित है।
जल्द शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि कैबिनेट सब-कमेटी अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप चुकी है और सरकारी सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
