#हादसा
July 5, 2026
हिमाचल: वेल्डिंग सीखने गया था 18 वर्षीय युवक- करंट लगने से हुआ बेसुध, अस्पताल में तोड़ा दम
मजदूरों के साथ कर रहा था काम
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। जिस उम्र में एक युवक अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए हुनर सीख रहा था, उसी दौरान एक हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली। वेल्डिंग का काम सीख रहे 18 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा सके। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा कुल्लू के सदर थाना क्षेत्र के बंदरोल में हुआ। मृतक के मामा ने पुलिस को बताया कि युवक ने खुद वेल्डिंग का काम सीखने की इच्छा जताई थी। बीते शुक्रवार शाम को वह अन्य मजदूरों के साथ बंदरोल में वेल्डिंग का काम कर रहा था।
यह भी पढ़ें : चंडीगढ़ में बहुमंजिला इमारत गिरने से हिमाचल के युवक की मौ.त, 5 घंटे मलबे में फंसा रहा...
काम के दौरान अचानक वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत काम रोककर उसे संभाला और बिना देरी किए इलाज के लिए अस्पताल ले गए।
हादसे के तुरंत बाद जतिन को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी जांच की। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस बेटे को परिवार बेहतर भविष्य की उम्मीदों के साथ काम सीखने भेज रहा था, उसकी मौत की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया।
यह भी पढ़ें : खुशखबरी: हिमाचल के राशन डिपो में पहुंचा सरसों तेल, बाजार से 60 रुपये सस्ता मिलेगा
जतिन ठाकुर उम्र 18 साल, पुत्र नील चंद, निवासी गांव जिंदौड़, डाकघर बंदरोल, जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
जवान बेटे की असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। घर में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की खबर मिलते ही रिश्तेदार और आसपास के लोग भी परिवार को सांत्वना देने के लिए पहुंचने लगे। गांव में भी इस दर्दनाक हादसे के बाद शोक की लहर दौड़ गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : कार्यक्रम से लौट रहे 5 युवकों की कार हाद.से का शिकार, खाई में जा समाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। यह पता लगाया जा रहा है कि काम के दौरान सुरक्षा के जरूरी इंतजाम थे या नहीं और कहीं किसी तरह की लापरवाही तो इस हादसे की वजह नहीं बनी। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।