शिमला। हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को एक अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिलने जा रहा है। यह सम्मान उन्हें हिमाचल प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने, युवाओं के बीच लोकप्रिय होने और जनसेवा के प्रति समर्पण के लिए दिया जा रहा है।

इसलिए मिलता है यह सम्मान

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंत्री विक्रमादित्य सिंह को ब्रिटिश पार्लियामेंट, लंदन में आयोजित होने वाले World Book of Records UK के 9वें अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में यूथ एंड आइकॉन अवार्ड से नवाजा जाएगा। यह प्रतिष्ठित समारोह 12 दिसंबर को ब्रिटिश पार्लियामेंट के House of Commons के Churchill Hall में आयोजित होगा।

यह भी पढ़ें : वर्ल्ड कप जीत की खुशी में CM सुक्खू का बड़ा ऐलान- रेणुका को 1 करोड़ से सम्मानित करेगी सरकार

इस कार्यक्रम में विश्वभर के राजनीतिज्ञ, राजनयिक, अंतरराष्ट्रीय मीडिया प्रतिनिधि और लंदन प्रेस के सदस्य शामिल होंगे। आयोजन की विशेषता यह है कि यहां दुनिया के उन व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाता है जिन्होंने अपने क्षेत्र में सकारात्मक प्रभाव छोड़ा है।

विकासशील परंपरा को बढ़ा रहे आगे

इस अवसर पर World Book of Records UK, London के हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ राज्य प्रमुख सुमित सिंगला, जो अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन हिमाचल प्रदेश यूनिट के प्रधान भी हैं, ने विक्रमादित्य सिंह को औपचारिक रूप से समारोह का निमंत्रण पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह अपने पिता, हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की विकासशील परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।

यह भी पढ़ें : 47 साल का इंतजार खत्म- भारत ने जीता महिला वर्ल्ड कप, हिमाचल की रेणुका ने की जबरदस्त गेंदबाजी

स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने अपने 6 दशकों के लंबे राजनीतिक कार्यकाल में हिमाचल को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क निर्माण के क्षेत्र में जो नींव रखी थी, उसी को आगे बढ़ाने का कार्य आज विक्रमादित्य सिंह कर रहे हैं। युवाओं में उनकी पहचान एक ऊर्जावान, आधुनिक और जमीनी नेता के रूप में है।

प्रदेश के लिए गर्व का क्षण

यह सम्मान केवल विक्रमादित्य सिंह के लिए नहीं, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का क्षण होगा। लंदन में ब्रिटिश पार्लियामेंट के मंच से जब उन्हें ‘Youth and Icon Award’ से सम्मानित किया जाएगा, तब यह क्षण हिमाचल की नई पीढ़ी को भी प्रेरित करेगा कि सेवा और समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय पहचान प्राप्त की जा सकती है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें