#विविध
June 2, 2026
हिमाचल : गांव की सरकार में युवाओं की एंट्री, जनता ने नई पीढ़ी को दिया मौका- 19 वर्षीय लक्ष्मी बनीं BDC
2026 में नई पीढ़ी ने दिखाई राजनीतिक ताकत
शेयर करें:

सोलन। पंचायती राज चुनाव 2026 के नतीजों ने सोलन जिले की राजनीति में एक नई तस्वीर पेश की है। इस बार ग्रामीण लोकतंत्र के इस बड़े चुनाव में युवाओं ने न केवल बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, बल्कि कई महत्वपूर्ण पदों पर जीत दर्ज कर अपनी मजबूत उपस्थिति भी दर्ज करवाई है।
पंचायतों से लेकर पंचायत समिति और जिला परिषद तक बड़ी संख्या में युवा चेहरे जनता का विश्वास जीतने में सफल रहे हैं। चुनाव परिणामों के बाद पूरे जिले में युवा नेतृत्व की चर्चा जोरों पर है और इसे स्थानीय राजनीति में बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
इस चुनाव की सबसे खास बात यह रही कि कई युवा उम्मीदवारों ने पहली बार चुनावी मैदान में उतरकर अपनी पहचान बनाई। कई स्थानों पर उन्होंने अनुभवी और लंबे समय से राजनीति में सक्रिय उम्मीदवारों को कड़ी टक्कर दी और जनता का समर्थन हासिल कर जीत का परचम लहराया। ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं ने इस बार विकास, नई सोच और ऊर्जा को प्राथमिकता देते हुए युवाओं को नेतृत्व सौंपने का संदेश दिया है।
पंचायत समिति चुनाव में धर्मपुर विकास खंड के वार्ड नंबर-10 नारायणी से 19 वर्षीय लक्ष्मी की जीत सबसे अधिक चर्चा में रही। बेहद कम उम्र में पंचायत समिति सदस्य चुनी गई लक्ष्मी जिले की सबसे युवा बीडीसी सदस्य बनकर उभरी हैं। उनकी जीत को ग्रामीण क्षेत्र की युवा महिलाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।
लक्ष्मी के अलावा धर्मपुर के वार्ड नंबर-5 कसौली से 22 वर्षीय स्मृति अत्रि ने भी शानदार जीत हासिल की। वहीं पट्टा गोयला क्षेत्र से 25 वर्षीय प्रियंका ने पंचायत समिति सदस्य का चुनाव जीतकर अपनी राजनीतिक पारी की सफल शुरुआत की है।
युवा प्रतिनिधियों की सूची यहीं तक सीमित नहीं रही। शड्याना से 28 वर्षीय भीम सिंह, धर्माणा से 27 वर्षीय अमन कुमारी, दिग्गल से सोनू देवी, मस्तानपुरा से मनजीत कौर, बघेरी से पूजा रानी और रामशहर से भूपेंद्र सिंह भी पंचायत समिति में पहुंचने में सफल रहे। इन सभी युवा प्रतिनिधियों की जीत से यह स्पष्ट हुआ है कि ग्रामीण मतदाता अब नई पीढ़ी को भी जिम्मेदारी देने के लिए तैयार हैं।
पंचायत समिति की तरह जिला परिषद चुनावों में भी युवा चेहरों ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। वार्ड नंबर-1 दाडला से भाजपा उम्मीदवार मीनाक्षी ठाकुर ने जीत दर्ज कर जिले की सबसे युवा जिला परिषद सदस्य बनने का गौरव हासिल किया। 29 वर्षीय मीनाक्षी ठाकुर की जीत को महिलाओं और युवाओं की बढ़ती राजनीतिक भागीदारी का मजबूत उदाहरण माना जा रहा है।
मीनाक्षी ठाकुर अब जिला परिषद के माध्यम से जनसेवा की नई जिम्मेदारी निभाएंगी। उनकी जीत को दाडला क्षेत्र में भाजपा के लिए भी एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
जिला परिषद के अन्य वार्डों में भी युवा उम्मीदवारों ने मतदाताओं का विश्वास जीता। सूरजपुर वार्ड से 33 वर्षीय शशीकांत विजयी रहे। धंगील वार्ड से 39 वर्षीय अमित कुमार ने जीत दर्ज की, जबकि धर्मपुर वार्ड से 37 वर्षीय नेत्र सिंह जनता का समर्थन हासिल करने में सफल रहे।
खेड़ा वार्ड से 35 वर्षीय परविंदर कौर, लग वार्ड से 33 वर्षीय सतीश कुमार तथा बगलैहड़ वार्ड से 37 वर्षीय योगेश्वर सिंह भी जिला परिषद में पहुंचे हैं। इन परिणामों ने यह संकेत दिया है कि जिले के मतदाता अब अनुभव के साथ-साथ युवा नेतृत्व को भी बराबर महत्व दे रहे हैं।
सोलन जिला परिषद के 17 वार्डों में हुए चुनाव में भाजपा ने सबसे मजबूत प्रदर्शन करते हुए 10 सीटों पर कब्जा जमाया। कांग्रेस के खाते में 5 सीटें गईं, जबकि 2 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने सभी 17 वार्डों के परिणाम घोषित करते हुए बताया कि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने जनप्रतिनिधियों का चयन किया है।
पंचायती राज चुनाव 2026 के नतीजों ने यह साफ कर दिया है कि सोलन जिले में युवा नेतृत्व तेजी से उभर रहा है। युवाओं और महिलाओं को मिली सफलता केवल चुनावी जीत भर नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण क्षेत्रों में बदलती राजनीतिक सोच का भी संकेत है।
मतदाताओं ने इस बार ऐसे प्रतिनिधियों को आगे बढ़ाया है- जिनसे नई ऊर्जा, विकास के प्रति सक्रिय दृष्टिकोण और स्थानीय समस्याओं के समाधान की उम्मीद की जा रही है। आने वाले वर्षों में इन युवा जनप्रतिनिधियों के सामने अपने-अपने क्षेत्रों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की चुनौती होगी।