#विविध
June 2, 2026
हिमाचल : एक ही परिवार के दो सदस्यों ने जीता चुनाव, चाचा-भतीजी बने जिला परिषद सदस्य
एक ही परिवार को दो सदस्य बने जनप्रतिनिधि
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला परिषद चुनाव 2026 के नतीजों में इस बार मंडी जिले से एक दिलचस्प और चर्चित राजनीतिक तस्वीर सामने आई है। जिले की जनता ने एक ही परिवार के दो सदस्यों पर भरोसा जताकर उन्हें जिला परिषद तक पहुंचाया है।
खास बात यह है कि चुनाव जीतने वाले दोनों प्रतिनिधि चाचा और भतीजी हैं- जिनकी जीत अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। मंडी जिला परिषद में वार्ड नंबर-1 भड़याडा से वरिष्ठ CPIM नेता कुशाल भारद्वाज ने जीत हासिल की है।
वहीं, वार्ड नंबर-5 कुफरी से कुशाल की भतीजी शिवानी ठाकुर ने भी शानदार सफलता दर्ज कर जिला परिषद में अपनी जगह बनाई है। एक ही चुनाव में चाचा और भतीजी का जीतकर जिला परिषद पहुंचना राजनीतिक गलियारों में विशेष चर्चा का विषय बन गया है।
कुफरी वार्ड में शिवानी ठाकुर पहली बार जिला परिषद चुनाव मैदान में उतरी थीं। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास, स्थानीय समस्याओं और जनसरोकारों को प्रमुख मुद्दा बनाया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि क्षेत्र में वर्षों से सक्रिय रहे उनके चाचा कुशाल भारद्वाज की कार्यशैली और जनता के बीच बनी विश्वसनीय छवि का भी उन्हें लाभ मिला।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले वर्षों में क्षेत्र में हुए विकास कार्यों और जनसंपर्क के आधार पर मतदाताओं ने शिवानी ठाकुर पर भरोसा जताया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
दूसरी ओर भड़याडा वार्ड से चुनाव लड़ रहे कुशाल भारद्वाज ने भी मजबूत प्रदर्शन करते हुए 1506 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। यह जीत उनके लंबे राजनीतिक अनुभव और क्षेत्र में सक्रिय जनसंपर्क का परिणाम मानी जा रही है।
कुशाल भारद्वाज लंबे समय से जोगिंद्रनगर और द्रंग विधानसभा क्षेत्रों में CPIM के प्रमुख चेहरों में गिने जाते हैं। विभिन्न जनआंदोलनों, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय समस्याओं को लेकर उनकी सक्रियता उन्हें क्षेत्र की राजनीति में अलग पहचान दिलाती रही है। यही वजह रही कि इस चुनाव में भी मतदाताओं ने उन पर भरोसा कायम रखा।
चुनाव परिणाम आने के बाद समर्थकों और कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। एक ही परिवार के दो सदस्यों का जिला परिषद में पहुंचना समर्थकों के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद CPIM नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों विजयी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं दी हैं। पार्टी नेता रविकांत ने कुशाल भारद्वाज और शिवानी ठाकुर को जीत की बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि दोनों जनप्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों को मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।
अब जिला परिषद में पहुंचने के बाद लोगों की उम्मीदें दोनों जनप्रतिनिधियों से बढ़ गई हैं। मतदाताओं का मानना है कि चाचा-भतीजी की यह जोड़ी क्षेत्र के विकास कार्यों, बुनियादी सुविधाओं और जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी भूमिका निभाएगी। मंडी जिला परिषद चुनाव में मिली यह सफलता न केवल परिवार के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि स्थानीय राजनीति में भी एक नई चर्चा का केंद्र बन गई है।