मंडी। हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनोट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। कंगना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर दो तस्वीरों को जोड़कर एक कोलाज शेयर किया। इसके साथ उन्होंने लिखा- 'संस्कार अपने-अपने'। इस पोस्ट में कंगना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी की तस्वीरों के जरिए दोनों के व्यवहार की तुलना की है।
राहुल गांधी की तस्वीर पर लगाया लाल घेरा
कंगना की ओर से शेयर की गई पहली तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी मां के सामने झुककर उनका आशीर्वाद लेते नजर आ रहे हैं। वहीं, दूसरी तस्वीर में राहुल गांधी अपनी मां सोनिया गांधी के साथ दिखाई दे रहे हैं। इसमें राहुल गांधी अपनी मां के चेहरे को सहलाते नजर आ रहे हैं। कंगना ने सोनिया गांधी के चेहरे के पास लाल रंग का घेरा भी लगाया है। दोनों तस्वीरों को एक साथ शेयर करते हुए उन्होंने 'संस्कार अपने-अपने' लिखा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में चिट्टा बेच खड़ा किया साम्राज्य : पुलिस ने गाड़ी-बंगला समेत 57.92 लाख की प्रॉपर्टी सीज
राहुल गांधी के बयान के बाद भाजपा-कांग्रेस में बहस
कंगना की यह पोस्ट ऐसे समय आई है, जब राहुल गांधी के एक बयान को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच बहस चल रही है। दरअसल, सोमवार को दिल्ली में सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' के विमोचन कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के रिश्ते से जुड़ा एक पुराना किस्सा सुनाया था।
राहुल ने सुनाया था माता-पिता से जुड़ा बचपन का किस्सा
राहुल गांधी ने बताया था कि बचपन में जब परिवार के लोग साथ बैठकर खाना खाते थे, तब उनकी मां सोनिया गांधी उनके पिता राजीव गांधी की गोद में बैठती थीं। राहुल ने कहा कि बचपन में उन्हें यह सामान्य बात लगती थी, लेकिन जब उन्होंने दोस्तों के घर ऐसा नहीं देखा तो उनके मन में सवाल आया। इसके बाद उन्होंने अपने दोस्तों से भी इस बारे में पूछा था।
यह भी पढ़ें : अनुराग ठाकुर का दावा: 2028 तक हिमाचल के इस जिला में पहुंचेगी ट्रेन, सुक्खू सरकार को भी घेरा
राहुल के बयान पर भाजपा नेताओं ने उठाए सवाल
राहुल गांधी के इस बयान के बाद भाजपा के कई नेताओं ने उनकी आलोचना की। इनमें असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी शामिल थे। वहीं, भाजपा नेताओं की टिप्पणियों के बीच राहुल गांधी ने शिव-पार्वती की एक प्राचीन मूर्ति की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की थी। इसके जरिए उन्होंने प्रेम और अपनापन का संदेश देने की कोशिश की थी।
शिमला में कंगना के खिलाफ पहले से दर्ज है FIR
कंगना रनोट की गांधी परिवार को लेकर की गई सोशल मीडिया पोस्ट पहले भी विवादों में रही हैं। इसी मामले में शिमला के बालूगंज थाने में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने शिमला निवासी कैप्टन अतुल शर्मा की शिकायत पर 13 नवंबर को यह मामला दर्ज किया था।
यह भी पढ़ें : 'जमीन की फर्जी रजिस्ट्रियां बंद करो' BJP का बैनर लेकर सदन के बाहर प्रदर्शन; सुक्खू सरकार को घेरा
शिकायत में गांधी परिवार को लेकर पोस्ट करने का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि कंगना ने 10 नवंबर को अपने सत्यापित सोशल मीडिया अकाउंट से गांधी परिवार को लेकर कई पोस्ट शेयर की थीं। शिकायत में कहा गया है कि इन पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी की मौतों को लेकर आपत्तिजनक संकेत दिए गए थे। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
