शिमला। हिमाचल-पंजाब बॉर्डर पर स्थित गरामोड़ बैरियर पर बुधवार सुबह हालात अचानक तनावपूर्ण हो गए। पंजाब के विभिन्न संगठनों ने एंट्री टैक्स के विरोध में यहां धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिसका सीधा असर यातायात पर पड़ा और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

धरने से जाम, सैकड़ों लोग रास्ते में फंसे

धरने का सबसे ज्यादा असर आम लोगों पर पड़ा। बैरियर पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और देखते ही देखते कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सैकड़ों गाड़ियां वहीं फंस गईं। इस जाम में मरीज, ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, स्कूल के बच्चे और आम यात्री सभी शामिल थे। कई लोग इलाज के लिए अस्पताल जा रहे थे, लेकिन जाम की वजह से समय पर नहीं पहुंच सके, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में पुलिसवाले ने मांगी रिश्वत... नहीं दे पाया युवक, तो काटा 5000 का चालान

जाम में HRTC फंसी दस बसे 

हिमाचल पथ परिवहन निगम की करीब 10 बसें भी इस जाम में फंस गईं। बसों में बैठे यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को खास तौर पर दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गर्मी और लंबा इंतजार लोगों के लिए काफी मुश्किल भरा साबित हुआ।

इमरजेंसी वाहनों को दी जाने की इजाजत 

इसी बीच रूपनगर-नालागढ़ मार्ग पर ढेरोंवाल बैरियर पर भी इसी मुद्दे को लेकर चक्का जाम कर दिया गया। वहां हालात और भी सख्त थे, प्रदर्शनकारी किसी भी वाहन को आगे नहीं बढ़ने दे रहे थे। केवल इमरजेंसी वाहनों को ही जाने दिया जा रहा था। वहां भी गाड़ियों की लंबी-लंबी लाइनें लग गईं और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पंचायत चुनाव : आरक्षण रोस्टर में छेड़छाड़! जयराम ने CM के फैसले को बताया गलत

एंट्री टैक्स कम नहीं किया तो आगे भी होंगे प्रदर्शन

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक हिमाचल सरकार एंट्री टैक्स को कम नहीं करती या पुराने रेट लागू नहीं करती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो आगे भी इस तरह के प्रदर्शन किए जाएंगे।

सरकार को दी 10 दिनों की चेतावनी 

काफी मशक्कत और बातचीत के बाद आखिरकार गरामोड़ बैरियर पर स्थिति थोड़ी सामान्य हुई। प्रदर्शनकारियों ने फिलहाल अपना धरना खत्म कर दिया और जाम खोलने का फैसला लिया। इसके साथ ही उन्होंने सरकार को 10 दिन का समय दिया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : चिट्टा तस्करों से पुलिसवालों की सेटलमेंट, जिन लड़कों से मिली खेप, उन्हीं से कर ली सांठ-गांठ

मांगे पूरी नहीं हुई तो फिर होगा चक्का जाम 

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर 10 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर कोई संतोषजनक फैसला नहीं लिया गया, तो वे फिर से बैरियर पर चक्का जाम करेंगे और आंदोलन को और तेज करेंगे। दोपहर के बाद जैसे ही रास्ता खोला गया, ट्रैफिक धीरे-धीरे सामान्य होने लगा। हालांकि, सुबह से लगा जाम लोगों के लिए काफी परेशानी भरा रहा और कई लोगों का पूरा दिन प्रभावित हो गया।

नए नोटिफिकेशन जारी करेगी सुक्खू सरकार

एंट्री टैक्स को लेकर बढ़ते विवाद और लगातार हो रहे विरोध-प्रदर्शनों के बाद अब सुक्खू सरकार नए नोटिफिकेशन की तैयारी में जुट गई है। बताया जा रहा है कि सरकार इस मुद्दे पर फिर से समीक्षा कर सकती है, ताकि लोगों और व्यापारियों की परेशानियों को कम किया जा सके। हालिया घटनाओं और बॉर्डर पर लगे जाम को देखते हुए सरकार पर दबाव भी बढ़ा है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में एंट्री टैक्स को लेकर कोई नया फैसला या संशोधित नोटिफिकेशन जारी किया जा सकता है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें