#अपराध
April 1, 2026
हिमाचल : चिट्टा तस्करों से पुलिसवालों की सेटलमेंट, जिन लड़कों से मिली खेप, उन्हीं से कर ली सांठ-गांठ
पुलिसकर्मियों के खिलाफ की जाएगी कड़ी कार्रवाई
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ जीरो टोलरेंस नीति अपनाने वाली हिमाचल पुलिस का एक अलग ही चेहरा सामने आया है। मामला प्रदेश के जिला हमीरपुर का है जहां, एक होटल में चिट्टा बरामदगी के बाद पुलिसकर्मियों की संदिग्ध भूमिका सामने आई। आरोप है कि दो कांस्टेबलों ने चिट्टा तस्करों पर कार्रवाई करने के बजाय मामला दबाने की कोशिश की। जिन्हें एसपी द्वारा निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, जिला हमीरपुर के पुलिस थाना भोरंज के तहत आते एक निजी होटल से करीब एक सप्ताह पहले इन दोनों पुलिसकर्मियों ने दो व्यक्तियों से कथित तौर पर चिट्टा बरामद किया था। मगर हैरानी की बात यह है कि, इतनी गंभीर बरामदगी के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई औपचारिक मामला दर्ज नहीं किया गया। आरोप है कि कांस्टेबलों ने जब्त किया गया नशा अपने पास ही रखा और कानूनी प्रक्रिया को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे घटनाक्रम के पीछे पैसों के लेन-देन की भी आशंका जताई जा रही है। कहा जा रहा है कि संबंधित पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर नशा तस्करों से पैसे की मांग की, जिसके बाद मामला और अधिक गंभीर हो गया। जैसे ही इस पूरे प्रकरण की जानकारी पुलिस अधीक्षक हमीरपुर, बलबीर सिंह तक पहुंची तो उन्होंने तुरंत संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की।
एसपी ने बिना देरी किए दोनों कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया और मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए। जांच की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश शर्मा को सौंपी गई है, जो पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में और भी तथ्य सामने आते हैं, तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि प्रदेश सरकार पहले से ही नशा तस्करी के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। ऐसे में पुलिस विभाग के भीतर इस तरह की लापरवाही या मिलीभगत के आरोप प्रशासन की छवि पर भी असर डालते हैं।
एसपी बलबीर सिंह ने स्पष्ट किया है कि जैसे ही उन्हें मामले की जानकारी मिली, उन्होंने तत्काल जांच शुरू करवाई। प्रारंभिक जांच में ड्यूटी के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आने पर ही निलंबन की कार्रवाई की गई है। फिलहाल, पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।