राजनीति

#विविध

May 16, 2026

कहीं सहमति तो कहीं बखेड़ा: हिमाचल में 128 पंचायतें निर्विरोध, सरकार देगी 25-25 लाख का इनाम

शिमला सबसे आगे, 42 पंचायतें निर्विरोध

Add

News4himachal

as a

Trusted Source on

Google

शेयर करें:

panchayat election

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों से पहले ही कई गांवों ने लोकतंत्र की एक अलग तस्वीर पेश की है। प्रदेश की 128 ग्राम पंचायतों में बिना मतदान के ही प्रतिनिधियों का चयन हो गया है। इन पंचायतों को अब सरकार की ओर से 25-25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। शुक्रवार को नाम वापसी के अंतिम दिन तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई और कई पंचायतों में आपसी सहमति से प्रधान, उपप्रधान और पंचों का चयन कर लिया गया।

शिमला सबसे आगे, 42 पंचायतें निर्विरोध

अब तक सामने आए आंकड़ों के अनुसार जिला शिमला सबसे आगे रहा है, जहां 42 पंचायतें निर्विरोध चुनी गई हैं। इसके अलावा सिरमौर में 28, किन्नौर में 18 और सोलन जिले में 12 पंचायतों में बिना चुनाव के प्रतिनिधि चुने गए। बिलासपुर में केवल एक पंचायत निर्विरोध रही, जबकि निचले हिमाचल की 27 पंचायतों में भी सर्वसम्मति बनी है।

शिमला जिले में इस बार करीब 9.52 प्रतिशत पंचायतों में चुनाव की जरूरत ही नहीं पड़ी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: नशे की ओवरडोज ने दो महीने में बुझा दिए 5 घरों के चिराग, 3 साल में 66 मौ*तें

 

जिला पंचायत अधिकारी डॉ. विनय कुमार के अनुसार चौपाल विकास खंड में सबसे अधिक 10 पंचायतें निर्विरोध चुनी गईं। ठियोग और छोहारा ब्लॉक में भी सात-सात पंचायतों में सहमति बनी। ग्रामीण क्षेत्रों में इसे सामाजिक एकता और आपसी तालमेल की मिसाल माना जा रहा है।

लाहौल-स्पीति में भी बनी सहमति

जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में भी 17 पंचायतें निर्विरोध चुनी गई हैं। इनमें लाहौल की 8 और स्पीति की 9 पंचायतें शामिल हैं। इसके अलावा कुल्लू, चंबा, मंडी, कांगड़ा और ऊना की कई पंचायतों में भी सहमति से प्रतिनिधि चुने गए। ऊना जिले की पांच पंचायतों में प्रधान, उपप्रधान और पंचों का सर्वसम्मति से चयन हुआ।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल कांग्रेस पर बरसे अनुराग ठाकुर, बोले- 'ये सिर्फ यारां दीं सरकार' भ्रष्टाचार में डूबे हैं इनके नेता

चुनाव प्रचार में महिलाएं सबसे आगे

इस बार पंचायत चुनावों में महिलाओं की भागीदारी भी चर्चा का विषय बनी हुई है। पंचायतों में 50 प्रतिशत आरक्षण होने के कारण बड़ी संख्या में महिलाएं खुद चुनाव मैदान में उतरी हैं। वहीं कई जगह महिलाओं ने अपने पति और बेटों के समर्थन में प्रचार की कमान संभाल ली है। गांवों में महिला टोलियां घर-घर जाकर वोट मांग रही हैं। सोशल मीडिया, पोस्टर, बैनर और नारों के जरिए प्रचार तेज हो गया है। भीषण गर्मी के बावजूद गांवों में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमाया हुआ है।

सिरमौर में नामांकन वापसी के दौरान बखेड़ा

इसी बीच सिरमौर जिले के रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र की खालाक्यार पंचायत में नामांकन वापसी के दौरान बड़ा विवाद भी सामने आया। उपप्रधान पद का एक उम्मीदवार कथित तौर पर एआरओ से नाम वापसी का प्रपत्र छीनकर फरार हो गया। घटना के बाद प्रशासन ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। बीडीओ ददाहू दर्शन लाल पुंडीर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और विभागीय कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।


यह भी पढ़ें : जयराम बोले : CM सुक्खू ने पहले रोके विकास कार्य, अब वित्तीय घोषणाएं कर उड़ा रहे आचार संहिता की धज्जियां

लोकतंत्र में सहमति की नई तस्वीर

प्रदेश में बड़ी संख्या में पंचायतों का निर्विरोध चुना जाना इस बार पंचायत चुनावों की सबसे बड़ी चर्चा बन गया है। जहां एक ओर इसे गांवों की एकजुटता और सामाजिक सौहार्द की मिसाल बताया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर कुछ जगहों पर चुनावी विवाद भी सामने आने लगे हैं। आने वाले दिनों में मतदान वाले क्षेत्रों में चुनावी मुकाबला और तेज होने की संभावना है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

Related Tags:

ट्रेंडिंग न्यूज़

LAUGH CLUB

संबंधित आलेख