कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के चंबा और कांगड़ा में मंगलवार शाम अचानक धरती हिलने लगी। एक के बाद एक आए भूकंप के झटकों से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। भरमौर में करीब 45 मिनट के भीतर तीन बार कंपन महसूस किया गया, जिसके बाद घबराए लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि अभी तक कहीं से भी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

जमीन से 5 KM नीचे था केंद्र

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, मंगलवार शाम 6:54 बजे चंबा के भरमौर क्षेत्र में पहला भूकंप आया। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र करेरी के पास जमीन से करीब 5 किलोमीटर नीचे बताया गया है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के सरकारी स्कूल में खीर खाने से बिगड़ी 40 बच्चों की तबीयत, अस्पताल में मचा हड़कंप

चंबा में भी महसूस हुए झटके

इसके बाद शाम 7:40 बजे और 7:43 बजे भी भरमौर क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस किए गए। लगातार तीन बार धरती हिलने से लोगों में दहशत बढ़ गई और कई लोग एहतियात के तौर पर घरों से बाहर निकल आए।

कांगड़ा में भी महसूस हुए झटके

भरमौर में लगातार तीन झटकों के करीब 45 मिनट बाद कांगड़ा जिले में भी भूकंप महसूस किया गया। यहां भी भूकंप की गहराई करीब 5 किलोमीटर दर्ज की गई। झटके महसूस होते ही घरों में रखा सामान हिलने लगा और लोग कुछ समय के लिए खुले स्थानों की ओर चले गए। SDM चंबा अमित मेहरा ने बताया कि जिले में भूकंप के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में लैंडस्लाइड का कहर, मलबे में दबे 3 मजदूर; 17 घंटे बाद शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन

भूकंपीय क्षेत्र V में आते हैं चंबा-कांगड़ा

चंबा और कांगड़ा दोनों जिले भूकंपीय क्षेत्र V में आते हैं। यह देश के सबसे अधिक भूकंप जोखिम वाले क्षेत्रों में शामिल है। मंगलवार को आए झटकों की गहराई कम होने के कारण लोगों को कंपन ज्यादा महसूस हुआ। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति की निगरानी कर रही हैं। फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

एक घंटे में तीन झटकों से बढ़ी चिंता

भरमौर में थोड़े अंतराल पर तीन बार भूकंप आने से लोगों की चिंता बढ़ गई। अचानक हुए कंपन के बाद लोग घरों से बाहर निकल आए और काफी देर तक भूकंप को लेकर चर्चा करते रहे। स्थिति सामान्य होने के बाद लोग वापस घरों में लौटे।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें