#हादसा
August 19, 2026
हिमाचल में लैंडस्लाइड का कहर, मलबे में दबे 3 मजदूर; 17 घंटे बाद शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
कई जगह घर-दुकानों में पानी घुस गया है
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश में बारिश अब लगातार मुश्किलें बढ़ाती जा रही है। कहीं पहाड़ दरक रहे हैं, कहीं सड़कों पर सैलाब उतर आया है और कहीं लैंडस्लाइड ने जिंदगी को खतरे में डाल दिया है।
बीते 15 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश ने ऐसा कहर बरपाया कि एक साथ बड़ी संख्या में सड़कें बंद हो गईं और कई जगह घर-दुकानों में पानी घुस गया। सबसे चिंताजनक तस्वीर सिरमौर के कमरऊ से सामने आई है, जहां लैंडस्लाइड की चपेट में आने से तीन मजदूर मलबे में दब गए।
सिरमौर जिले के बागनाधार के कमरऊ में मंगलवार दोपहर बाद करीब 4 बजे अचानक लैंडस्लाइड हुआ। पहाड़ी से भारी मलबा और बड़ी-बड़ी चट्टानें नीचे आ गिरीं। इसकी चपेट में चूना पत्थर की खान में काम कर रहे दो ट्रक और एक टिप्पर भी आ गए। इसी दौरान खान में काम कर रहे तीन मजदूर मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू करने की कोशिश की गई, लेकिन पहाड़ी से लगातार बड़ी-बड़ी चट्टानें गिर रही थीं। ऐसे में मौके पर मौजूद लोगों और बचाव टीम के लिए वहां जाना बेहद जोखिम भरा था। इसी वजह से देर शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका। बुधवार सुबह स्थिति का जायजा लेने के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
समय बीतने के साथ मलबे में दबे तीनों मजदूरों के जिंदा मिलने की उम्मीदें भी लगातार कम होती जा रही हैं। फिलहाल बचाव दल मलबे को हटाकर मजदूरों तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है।
बारिश का असर सिर्फ सिरमौर तक सीमित नहीं है। प्रदेशभर में बारिश और लैंडस्लाइड के कारण 350 से ज्यादा सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गई हैं। शिमला शहर में भी जगह-जगह पेड़ और पहाड़ी का मलबा गिरने से पांच से ज्यादा वाहनों को नुकसान पहुंचा है। कई इलाकों में लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सोलन जिले के परवाणू में भी भारी बारिश के बाद हालात बिगड़ गए। यहां हिमफेड के बोटलिंग प्लांट में पानी घुस गया। परवाणू और कसौली के अलावा शिमला शहर, मंडी के धर्मपुर और सिरमौर के कई इलाकों में भी बारिश ने परेशानी बढ़ाई है। सोलन और सिरमौर के निचले इलाकों में कई जगह घरों और दुकानों में पानी घुस गया।
बारिश से राहत के आसार फिलहाल नजर नहीं आ रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिन तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। बुधवार यानी आज हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर में तेज बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।