शिमला। एशियाई खेलों में महिला कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतकर देश और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करने वाली प्रदेश की तीन बेटियों के सम्मान को लेकर सुक्खू सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। पहले 33-33 लाख रुपये की पुरस्कार राशि घोषित किए जाने पर उठे सवालों और खिलाड़ियों की नाराजगी के बाद अब सरकार ने अपना फैसला बदलते हुए पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को एक-एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि देने का ऐलान किया है।
वहीं क्रिकेटर रेणुका को भी एक करोड़ की इनामी राशि देने का ऐलान किया है। इन सभी बेटियों को सरकारी सेवा में समायोजित करने की भी घोषणा मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने की है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद हिमाचल की इन गोल्डन बेटियों के लिए सरकार का बदला हुआ फैसला सामने आया है।
33 लाख की घोषणा पर खिलाड़ियों ने जताई थी आपत्ति
महिला कबड्डी में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाली हिमाचल की खिलाड़ियों को पहले नई खेल नीति के तहत 33-33 लाख रुपये देने की घोषणा की गई थी। हालांकि खिलाड़ियों की ओर से इस पुरस्कार राशि को लेकर आपत्ति जताई गई। उनका कहना था कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए गोल्ड जीतने के बावजूद कबड्डी खिलाड़ियों को अन्य खेलों के पदक विजेताओं की तुलना में कम राशि मिल रही है। इसी मुद्दे को लेकर पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी बात रखने का फैसला किया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल कांग्रेस के इन वयोवृद्ध नेताओं का नहीं छूट रहा कुर्सी प्रेम!.. क्या 2027 में युवाओं को देंगे मौका?
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद आया बड़ा बदलाव
सोमवार को तीनों स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हिमाचली परंपरा के अनुसार उन्हें टोपी और शाल भेंट कर सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी। मुलाकात के दौरान पुरस्कार राशि का मुद्दा भी सामने आया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब तीनों खिलाड़ियों को पहले घोषित 33 लाख रुपये के बजाय एक-एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।
गोल्ड जीतने वाली बेटियों को सरकारी नौकरी का भी ऐलान
मुख्यमंत्री ने सिर्फ पुरस्कार राशि बढ़ाने तक फैसला सीमित नहीं रखा। उन्होंने तीनों खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में समायोजित करने की भी घोषणा की। जिन खिलाड़ियों की इच्छा पुलिस विभाग में नौकरी करने की नहीं होगी, उन्हें खेल विभाग में नियुक्ति देने की बात कही गई है। सरकार के इस फैसले से खिलाड़ियों को आर्थिक सम्मान के साथ भविष्य की नौकरी की सुरक्षा भी मिलने का रास्ता साफ हुआ है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल से अमृतसर जा रही वोल्वो बस पलटी, 4 लोगों की थमी सांसें; 41 यात्रियों की चीख-पुकार से दहला क्षेत्र
पुष्पा, ज्योति और भावना ने बढ़ाया हिमाचल का मान
पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर उन हिमाचली बेटियों में शामिल हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। महिला कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतना केवल खिलाड़ियों की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि हिमाचल के लिए भी गौरव का विषय बना। मुख्यमंत्री ने मुलाकात के दौरान कहा कि प्रदेश की बेटियों की मेहनत और सफलता से हर हिमाचलवासी का सिर गर्व से ऊंचा है।
रेणुका ठाकुर को भी एक करोड़ और सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल की क्रिकेटर रेणुका ठाकुर के लिए भी बड़ा ऐलान किया है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य रेणुका ठाकुर को भी एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि और सरकारी नौकरी देने की घोषणा की गई है। रेणुका की उपलब्धि और सरकार की ओर से घोषित सम्मान राशि को लेकर पिछले समय में भी चर्चा होती रही थी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल के होटल में भिड़े दो गुट, युवक को रॉ**ड से मा**रा- हरियाणा के 7 आरोपी गिरफ्तार
रेणुका की मां ने उठाया था पुरस्कार का मुद्दा
रेणुका ठाकुर को लेकर उनके परिवार की ओर से भी पुरस्कार राशि और सरकारी नौकरी में देरी पर नाराजगी जताई गई थी। परिवार का कहना था कि सरकार की ओर से घोषणा के बावजूद लंबे समय से इन फैसलों को अमलीजामा नहीं पहनाया गया। अब मुख्यमंत्री की ताजा घोषणा के बाद रेणुका को लेकर भी पुरस्कार और नौकरी का मुद्दा फिर सुर्खियों में आ गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : पिकनिक मनाने गया था व्यक्ति, परिवार और दोस्तों के सामने खड्ड मे डूबा
हिमाचल की बेटियों को सरकार का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बेटियां इसी तरह आगे बढ़ती रहें, नए मुकाम हासिल करें और देश-दुनिया में हिमाचल का नाम रोशन करती रहें। सरकार की ओर से खिलाड़ियों को सम्मानित करने और सरकारी सेवा में अवसर देने को खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में बड़ा कदम बताया गया है।
