शिमला। हिमाचल प्रदेश के लाखों बेरोजगार युवाओं के लिए लंबे इंतजार के बाद राहत भरी खबर सामने आई है। पंचायत और शहरी निकाय चुनावों के चलते प्रदेश में लागू आदर्श आचार संहिता अब समाप्त हो चुकी है। इसके साथ ही राज्य सरकार विभिन्न विभागों में रुकी हुई भर्ती प्रक्रियाओं को दोबारा शुरू करने जा रही है।
माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में प्रदेश में 8 हजार से अधिक सरकारी पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। चुनावी प्रतिबंधों के कारण पिछले कई सप्ताह से भर्ती और नियुक्तियों से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले रुके हुए थे। अब आचार संहिता हटते ही सुक्खू सरकार रोजगार के मोर्चे पर बड़े कदम उठाने की तैयारी में है। प्रदेश में नौकरियों की बहार के साथ ही बड़े फेरबदल भी देखने को मिलेंगे। कई विभागों में बड़ी संख्या में तबादले होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में गो.लीकांड कर इटली भाग रहा था 22 वर्षीय युवक, पुलिस ने घर से किया गिरफ्तार
शिक्षा विभाग में सबसे बड़ा भर्ती अभियान
प्रदेश में सबसे बड़ा भर्ती अभियान शिक्षा विभाग में देखने को मिलेगा। सरकार द्वारा सीबीएसई पैटर्न पर संचालित 145 सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए बड़े स्तर पर नियुक्तियां और तैनातियां की जाएंगी। जानकारी के अनुसार करीब 6200 शिक्षकों की तैनाती और नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इनमें प्रवक्ता, टीजीटी, सी एंड वी, जेबीटी, पीईटी, डीपीई सहित विभिन्न श्रेणियों के पद शामिल हैं। विभाग ने इसके लिए काउंसलिंग और तैनाती की अधिकांश तैयारियां पहले ही पूरी कर ली हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का मानना है कि इससे न केवल हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा बल्कि स्कूलों में शिक्षकों की कमी की समस्या भी काफी हद तक दूर हो जाएगी।
यह भी पढ़ें- MNC की नौकरी छोड़ हिमाचल आई अंकिता, जीता जिला परिषद चुनाव- मिले 10,939 वोट
पुलिस और होमगार्ड में भी खुलेंगे रोजगार के द्वार
शिक्षा विभाग के अलावा पुलिस विभाग और होमगार्ड संगठन में भी भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। राज्य सरकार पहले ही 700 पुलिस कांस्टेबल और 800 होमगार्ड जवानों की भर्ती का प्रस्ताव तैयार कर चुकी थी। हालांकि चुनावी आचार संहिता लागू होने के कारण राज्य चुनाव आयोग ने भर्ती प्रक्रिया को मंजूरी नहीं दी थी। अब चुनावी प्रक्रिया समाप्त होने के बाद इन 1500 पदों पर भर्ती शुरू होने की संभावना है। पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं के लिए यह बड़ी राहत मानी जा रही है। कई अभ्यर्थी लंबे समय से शारीरिक दक्षता परीक्षा और लिखित परीक्षा की तैयारी में जुटे हुए हैं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में अगले 6 दिन लगातार बारिश...कई जिलों में अलर्ट, आंधी-तूफान के साथ होगी ओलावृष्टि
बैचवाइज भर्ती से भी मिलेगी बड़ी राहत
प्रदेश सरकार लंबे समय बाद बैचवाइज भर्ती प्रक्रिया को भी गति देने जा रही है। शिक्षा विभाग ने शारीरिक शिक्षा अध्यापकों (पीईटी) के 355 पद भरने का फैसला लिया है। इन पदों के लिए जून माह में सभी जिलों में काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच और वरिष्ठता के आधार पर चयन किया जाएगा। बैचवाइज भर्ती का इंतजार कर रहे हजारों युवाओं के लिए यह फैसला किसी बड़ी राहत से कम नहीं माना जा रहा है। विशेष रूप से वे अभ्यर्थी जो वर्षों से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे थे, उनमें इस फैसले को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : BDC चुनाव जीती महिला को पहनाया कांग्रेस का पटका- BJP कार्यकर्ता भड़के, थाने पहुंचा मामला
आठ हजार से ज्यादा पदों पर रोजगार की उम्मीद
यदि सरकार की योजनाएं तय समय के अनुसार आगे बढ़ती हैं तो शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग और होमगार्ड संगठन में मिलाकर 8 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह हाल के वर्षों में प्रदेश के सबसे बड़े भर्ती अभियानों में से एक होगा। इससे न केवल बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलेगा बल्कि विभिन्न विभागों में लंबे समय से खाली पड़े पद भी भरे जा सकेंगे।
सरकार के अगले कदम पर युवाओं की निगाहें
पंचायत चुनावों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब प्रदेशभर के युवाओं की नजरें सरकार की आधिकारिक घोषणाओं पर टिकी हुई हैं। उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में विभिन्न विभाग भर्ती कार्यक्रमों, आवेदन तिथियों, काउंसलिंग और चयन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत अधिसूचनाएं जारी करेंगे। फिलहाल इतना तय माना जा रहा है कि चुनावी आचार संहिता समाप्त होने के साथ ही हिमाचल में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे हजारों युवाओं के लिए अवसरों के नए दरवाजे खुलने वाले हैं और रोजगार के मोर्चे पर सरकार जल्द बड़े फैसले ले सकती है।
