राजनीति

#रोजगार

November 16, 2026

सुक्खू सरकार करने जा रही 1200 पदों पर भर्ती, जनवरी से पहले पूरी होगी प्रक्रिया; जानें डिटेल

राज्य चयन आयोग जनवरी से पहले पूरी करेगा भर्ती प्रक्रिया

Add

News4himachal

as a

Trusted Source on

Google

शेयर करें:

himachal Govt Job News

शिमला। हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश की सुक्खू सरकार सरकारी प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। सरकार ने जेबीटी शिक्षकों के 1,200 पदों पर भर्ती की तैयारी कर ली है। खास बात यह है कि राज्य चयन आयोग और शिक्षा विभाग को जनवरी से पहले भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले स्कूलों में नए शिक्षकों की तैनाती हो सके।

दो श्रेणियों में भरे जाएंगे 1,200 पद

प्रस्तावित भर्ती के तहत 600 जेबीटी शिक्षकों की नियुक्ति सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में की जाएगी, जबकि बाकी 600 शिक्षक हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबद्ध सरकारी स्कूलों में तैनात होंगे। इस तरह दोनों श्रेणियों के स्कूलों को मिलाकर कुल 1,200 पद भरे जाएंगे। भर्ती प्रक्रिया को तय समय सीमा में पूरा करने के लिए शिक्षा विभाग और राज्य चयन आयोग को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में 2-2 सरकारी आवास पर कुंडली मार कर बैठे हैं 22 अधिकारी, 38 ने रिटायर होने के बाद..

बेरोजगार युवाओं को नौकरी की उम्मीद

जेबीटी भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह फैसला महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रदेश में बड़ी संख्या में युवा शिक्षक बनने के लिए तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में 1,200 पदों पर भर्ती की तैयारी से उन्हें सरकारी नौकरी पाने का एक और अवसर मिलेगा। हालांकि, भर्ती से संबंधित विस्तृत कार्यक्रम, पात्रता और अन्य शर्तों की जानकारी आधिकारिक अधिसूचना के माध्यम से सामने आएगी।

विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर होगी शिक्षकों की तैनाती

सरकार ने स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती के लिए विद्यार्थियों की संख्या को आधार बनाने का निर्णय लिया है। निर्धारित मानकों के अनुसार, 60 विद्यार्थियों तक के स्कूल में दो शिक्षक, 61 से 90 विद्यार्थियों पर तीन, 91 से 120 विद्यार्थियों पर चार और 121 से 150 विद्यार्थियों पर पांच शिक्षकों का प्रावधान रहेगा। इसी अनुपात के आधार पर स्कूलों में शिक्षकों की वास्तविक जरूरत का आकलन किया जाएगा।

 

यह भी पढ़ें : जयराम सरकार के कार्यकाल की खुलेगी फाइलें! BJP के कथित भ्रष्टाचार पर श्वेत पत्र लाएगी सुक्खू सरकार

कम नामांकन वाले स्कूलों से भी होगा समायोजन

शिक्षा विभाग कम विद्यार्थी संख्या वाले और बंद हो चुके स्कूलों में उपलब्ध अतिरिक्त शिक्षकों को जरूरत के अनुसार आसपास के स्कूलों में समायोजित करेगा। इससे उन स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने में मदद मिल सकती है, जहां विद्यार्थियों की संख्या अधिक है और मौजूदा स्टाफ पर पढ़ाई का अतिरिक्त बोझ है।

पहले भी जारी हो चुकी है 597 जेबीटी शिक्षकों की सूची

गौरतलब है कि शिक्षा विभाग हाल ही में 597 जेबीटी शिक्षकों की नियुक्ति सूची जारी कर चुका है। चयनित अभ्यर्थियों को आवंटित स्कूलों में 10 दिनों के भीतर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। अब इसके बाद 1,200 और पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है। इससे प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ प्रदेश के अधिक युवाओं को रोजगार का अवसर मिलने की उम्मीद है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: शीतकालीन सत्र के पहले ही दिन सीएम सुक्खू ने पकड़ी दिल्ली की राह; जानें क्यों

ग्रामीण और दूरदराज के स्कूलों को मिलेगा लाभ

प्रदेश के कई ग्रामीण और दूरदराज के स्कूलों में शिक्षकों की कमी के चलते एक या दो अध्यापकों को एक साथ कई कक्षाओं को पढ़ाने की जिम्मेदारी संभालनी पड़ती है। नए शिक्षकों की नियुक्ति से इस दबाव को कम करने में मदद मिल सकती है। खासकर पहली से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध करवाने की उम्मीद है। सरकार की इस भर्ती प्रक्रिया पर अब जेबीटी अभ्यर्थियों की नजरें रहेंगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़

LAUGH CLUB

संबंधित आलेख