#रोजगार
November 27, 2026
सुक्खू सरकार डेटा एंट्री ऑपरेटर और जेओए आईटी के 661 पदों पर भर्ती को दी मंजूरी

शिमला। हिमाचल प्रदेश में अब अस्पतालों के चक्कर काटने और पुरानी मेडिकल रिपोर्टों को संभालकर रखने की परेशानी से मरीजों को जल्द राहत मिल सकती है। प्रदेश की सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक बड़ी पहल करने जा रही है। इसके तहत राज्य के विभिन्न सरकारी अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों में हॉस्पिटल मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (HMIS) लागू किया जाएगा।
इस डिजिटल व्यवस्था के शुरू होने के बाद डॉक्टर महज एक क्लिक पर मरीज की पुरानी बीमारी, इलाज का इतिहास, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य जरूरी स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां देख सकेंगे। खास बात यह है कि इस महत्वाकांक्षी योजना को जमीन पर उतारने के लिए सरकार ने 661 डेटा एंट्री ऑपरेटर और जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) के पदों पर भर्ती को मंजूरी दी है। यानी सरकार की इस पहल से जहां प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को डिजिटल मजबूती मिलेगी, वहीं सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भी रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
यह भी पढें : हिमाचल : पिता ने बेटी की शादी में नहीं परोसी शराब, फौजी ने अपनी पेंशन से दिया 11 हजार इनाम
हिमाचल के सरकारी अस्पतालों में HMIS व्यवस्था लागू होने से मरीजों के इलाज का तरीका पहले के मुकाबले अधिक व्यवस्थित और तकनीक आधारित हो सकेगा। इस प्रणाली के माध्यम से मरीजों का मेडिकल रिकॉर्ड डिजिटल रूप में सुरक्षित रखा जाएगा। जब कोई मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंचेगा तो डॉक्टर एक ही क्लिक पर उसकी पिछली बीमारियों, करवाई गई जांचों, मेडिकल रिपोर्ट और पहले दिए गए उपचार से संबंधित उपलब्ध जानकारी हासिल कर सकेंगे। इससे डॉक्टरों को मरीज की स्वास्थ्य स्थिति समझने में आसानी होगी और बार-बार पुराने दस्तावेजों को तलाशने की जरूरत भी कम होगी।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने स्वास्थ्य क्षेत्र में पारदर्शिता, कार्यकुशलता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए HMIS को महत्वपूर्ण पहल बताया है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के सरकारी चिकित्सा संस्थानों को आधुनिक तकनीक से लैस कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार किया जाए। डिजिटल प्रणाली के माध्यम से अस्पतालों में मरीजों से जुड़ी जानकारियों का बेहतर प्रबंधन हो सकेगा। इसके अलावा प्रशासनिक कामकाज में भी तेजी आएगी और जरूरी रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित बनेगी।
यह भी पढ़ें : रामपुर सीट उपचुनाव : फरवरी-मार्च में हो सकता है मतदान, कांग्रेस के सामने गढ़ बचाने की चुनौती
सुक्खू सरकार की इस योजना का एक महत्वपूर्ण पहलू प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना भी है। HMIS के प्रभावी संचालन के लिए सरकार ने कुल 661 डेटा एंट्री ऑपरेटर और जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) के पदों को मंजूरी दी है। इन पदों पर नियुक्तियां होने से अस्पतालों में डिजिटल रिकॉर्ड संभालने, डेटा अपडेट करने और ऑनलाइन प्रशासनिक कामकाज को गति मिलेगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के जवाहर नवोदय स्कूल में 11वीं के छात्र से मा*रपी*ट, वीडियो वायरल- थाने पहुंचा मामला
खासकर कंप्यूटर और आईटी क्षेत्र में योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए यह एक अहम अवसर साबित हो सकता है। हालांकि, इन पदों पर भर्ती की प्रक्रिया, पात्रता, चयन पद्धति और आवेदन की तारीखों से संबंधित विस्तृत जानकारी आधिकारिक अधिसूचना के माध्यम से सामने आएगी। ऐसे में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को संबंधित सरकारी सूचनाओं पर नजर रखनी होगी।
सरकार की ओर से स्वीकृत 661 पदों में से 561 पद चिकित्सा शिक्षा निदेशालय और प्रदेश के विभिन्न सरकारी मेडिकल कॉलेजों एवं चिकित्सा संस्थानों के लिए रखे गए हैं। इसके तहत चिकित्सा शिक्षा निदेशालय शिमला में 20 पद, इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) शिमला में 100 पद, लाल बहादुर शास्त्री सरकारी मेडिकल कॉलेज नेरचौक में 61 पद और पंडित जवाहरलाल नेहरू सरकारी मेडिकल कॉलेज चंबा में 50 पद शामिल हैं।'
यह भी पढ़ें : HRTC ड्राइवर-कंडक्टर ने बुजुर्ग को दिया नया जीवन, चलती बस में हो गया था बेसुध
इसके अलावा डॉ. राजेंद्र प्रसाद सरकारी मेडिकल कॉलेज टांडा में 100, डॉ. राधाकृष्णन सरकारी मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में 90, डॉ. यशवंत सिंह परमार सरकारी मेडिकल कॉलेज नाहन में 50, राजकीय डेंटल कॉलेज एवं अस्पताल शिमला में 20 और अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटीज चामियाना में 70 पदों को मंजूरी दी गई है। वहीं, शेष 100 डेटा एंट्री ऑपरेटर प्रदेश के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में तैनात किए जाएंगे।
नियुक्त किए जाने वाले कर्मचारी केवल मरीजों का डेटा दर्ज करने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि अस्पतालों के डिजिटल और प्रशासनिक कामकाज में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इनके जिम्मे HMIS का संचालन, मरीजों के रिकॉर्ड का रखरखाव, मेडिकल और संस्थागत रिपोर्ट तैयार करना तथा सरकारी पोर्टल से जुड़े कार्य होंगे। इसके साथ ही ई-ऑफिस, ई-गवर्नेंस और ऑनलाइन पत्राचार जैसी व्यवस्थाओं को भी बेहतर तरीके से संचालित करने में इनकी भूमिका रहेगी। चिकित्सा संस्थानों में छात्रों, शिक्षकों, मेडिकल एवं नॉन-मेडिकल कर्मचारियों और मरीजों से संबंधित सूचनाओं का डिजिटल प्रबंधन भी इनके माध्यम से व्यवस्थित किया जाएगा। इससे अस्पतालों में कागजी कामकाज का बोझ कम करने और सूचनाओं को समय पर अपडेट रखने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें : घर से लापता हुईं 12 और 13 साल की दो लड़कियां, परिवार परेशान; तलाश में जुटी पुलिस
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि राज्य सरकार स्वास्थ्य संस्थानों को आधुनिक बनाने और लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का जोर पर्याप्त मानव संसाधन, आधुनिक तकनीक और मजबूत बुनियादी ढांचे के माध्यम से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को सशक्त बनाने पर है। प्रयास किया जा रहा है कि हिमाचल के लोगों को गंभीर और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े, बल्कि उन्हें अपने प्रदेश में ही गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके।