ऊना। हिमाचल प्रदेश में अपराधों का ग्राफ कम होने का नाम नहीं ले रहा है। अब ताजा मामला ऊना जिले से सामने आया है-जहां पर बीती देर रात एक गोलीकांड हुआ है। इस खौफनाक गोलीकांड में एक युवा कांग्रेस नेता की मौत हो गई है। जबकि, दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हिमाचल में फिर हुआ गोलीकांड
लालसिंघी स्थित रायजादा होटल के बाहर देर रात हुए इस खौफनाक गोलीकांड ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। गोलीकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। दोनों घायलों को उपचार के लिए PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल BREAKING : एसिड अटै*क का शिकार हुई ममता ने तोड़ा दम, पति के शक ने छीनी सांसें
पार्टी से निकलते ही बढ़ा विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, कल देर रात कुछ युवक रायजादा होटल में पार्टी कर रहे थे। रात लगभग 12 बजे जैसे ही यह समूह होटल से बाहर निकला, वहां पहले से मौजूद दूसरे गुट के साथ कहासुनी शुरू हो गई।
दो गुट आमने-सामने
देखते ही देखते बात हाथापाई तक पहुंच गई और दोनों ओर से लात-घूंसे चलने लगे। होटल परिसर कुछ ही मिनटों में रणभूमि में तब्दील हो गया। झगड़े के बीच अचानक परविंदर नामक व्यक्ति ने पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में पुलिस का बड़ा एक्शन: रेन शेल्टर में छिपा था तस्कर, चरस संग रंगे हाथों पकड़ा
कांग्रेस नेता की मौत
गोली लगने से संतोषगढ़ निवासी युवा कांग्रेस नेता आशू पूरी मौके पर ही ढेर हो गया। फायरिंग और मारपीट में पुरेंद्र और परविंदर खुद भी गंभीर रूप से घायल हुए। दोनों को रात में ही प्राथमिक उपचार के बाद PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
लड़ाई में शामिल थे काफी लोग
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि संघर्ष में काफी लोग शामिल थे और कुछ समय तक होटल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि आशू पूरी माइनिंग बिजनेस से जुड़े थे और क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी। पुलिस आज ऊना अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाएगी, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। परिवार और समर्थकों में इस घटना को लेकर गहरा रोष है।
यह भी पढ़ें: सावधान हिमाचल! फिर बढ़ा पंडोह बांध का जलस्तर, अलर्ट पर 3 जिले; नदी-नालों से रहें दूर
पुलिस सक्रिय, कई बिंदुओं पर जांच जारी
SHO ऊना गौरव भारद्वाज के अनुसार, पुलिस को रात करीब 12 बजे गोलीकांड की सूचना मिली। तुरंत टीम मौके पर पहुँची और घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में लिया गया। होटल के बाहर से कई अहम सबूत जुटाए जा रहे हैं, वहीं संभावित प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
CCTV खंगाल रही पुलिस
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि दोनों गुटों में पुरानी रंजिश तो नहीं थी या फिर विवाद अचानक भड़का। होटल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना की पूरी टाइमलाइन स्पष्ट हो सके।
यह भी पढ़ें: 'आपदा के घाव हरे और कांग्रेस मना रही खुशियां'- CM सुक्खू से नाराज BJP, सदन में होगा घेराव
क्षेत्र में दहशत, पुलिस की गश्त बढ़ाई गई
घटना के बाद लालसिंघी और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने देर रात से ही इलाके में गश्त बढ़ा दी है और किसी भी तरह की अफवाह फैलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
