कांगड़ा। हिमाचल के कांगड़ा जिला की पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहां एक योगा ट्रेनर मृत अवस्था में अपने कमरे में पाया गया। मृतक की पहचान शिव राठौर निवासी छतराड़ी जिला चंबा के रूप में हुई है। शिव राठौर पिछले कुछ सालों से मैक्लोडगंज में रह रहे थे और यहां पर एक निजी योग सेंटर चलाते थे। योग ट्रेनर की मौत से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
कमरे में अचेत मिला योगा ट्रेनर
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना मैक्लोडगंज स्थित अपर भाग्सूनाग क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि आज सुबह स्थानीय लोगों ने शिव राठौर को अपने कमरे में अचेत अवस्था में देखा। जिसके बाद उन्हें तुरंत ही अचेत अवस्था में ही क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला पहुंचाया गया, लेकिन अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पकड़ा फर्जी ADGP का परिवार, लाल बत्ती लगाकर पहुंचे थे मंदिर; पुलिस ने किए बेनकाब
पुलिस खंगाल रही मोबाइल की कॉल डिटेल
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और प्रारंभिक कार्रवाई धारा 174 के तहत की जा रही है। जांच अधिकारी ने बताया कि मौत के असली कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल और कमरे की तलाशी के आधार पर सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : NEET UG-2025 में आरव ठाकुर ने हिमाचल में किया टॉप, 99.97 परसेंटाइल किए हासिल
पर्यटकों को सिखाते थे योगा
स्थानीय लोगों के अनुसार शिव राठौर एक सरल, शांत और मिलनसार व्यक्ति थे, जो मैक्लोडगंज में आने वाले विदेशी और घरेलू पर्यटकों को योग की शिक्षा देते थे। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके योग सत्रों में भाग लेने के लिए पर्यटक पहले से बुकिंग करते थे। पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और किसी भी तरह की लापरवाही से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल सभी की नजरें पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं, जो इस रहस्यमयी मौत से जुड़े सवालों के जवाब देने में अहम साबित हो सकती है।
