#उपलब्धि
June 14, 2025
NEET UG-2025 में आरव ठाकुर ने हिमाचल में किया टॉप, 99.97 परसेंटाइल किए हासिल
एनटीए ने आज घोषित किया नीट यूजी 2025 का परिणाम
शेयर करें:
बिलासपुर। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2025 का परिणाम आज नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने घोषित कर दिया है। इस परीक्षा का आयोजन देश भर में 4 मई को हुआ था। आज शनिवार 14 जून को एनटीए ने इसका परिणाम घोषित कर दिया। नीट यूजी 2025 परीक्षा में 99.9999547 परसेंटाइल लाकर राजस्थान के महेश कुमार ने पहली रैंक हासिल की है और पूरे देश में टॉप किया है।
हिमाचल के बिलासपुर जिला के आरव ठाकुर ने पूरे प्रदेश में टॉप किया है। आरठ ठाकुर बिलासपुर जिला के हटवाड़ गांव के रहने वाले है। आरव ठाकुर ने ऑल इंडिया रैंकिंग में 500वां स्थान हासिल कर पूरे प्रदेश का नाम रोशन कर दिया है। आरव ठाकुर ने कुल 720 अंकों में से 619 अंक अर्जित कर 99.97 परसेंटाइल हासिल किए। परिणाम सामने आते ही उनके परिवार और गांव में जश्न का माहौल है। बधाई देने वालों का तांता उनके घर लगा हुआ है। परिजनों के साथ.साथ स्थानीय लोग भी आरव की सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : HPU रिजल्ट : पिता ने पसीने की कमाई से पढ़ाई बिटिया, साक्षी ने टॉप कर बढ़ाया मान
आरव ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपनी बड़ी बहन को दिया है, जो वर्तमान में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं। आरव ने बताया कि उनकी बहन ने ही उन्हें मेडिकल क्षेत्र की ओर प्रेरित किया। इसके अलावा माता.पिता और शिक्षकों का भी उन्होंने आभार जताया। आरव के पिता जगदीप ठाकुर एक सरकारी स्कूल में फिजिक्स के लेक्चरर हैं, जबकि उनकी माता सपना ठाकुर टीजीटी नॉन.मेडिकल विषय पढ़ाती हैं। पिता कुठेड़ा स्कूल में और माता छंदोह स्कूल में सेवारत हैं।
यह भी पढ़ें : होटल के कमरा नंबर 302 में पड़ा मिला परिवार का इकलौता बेटा, चचेरे भाई को पुलिस ने पकड़ा
आरव ठाकुर ने केवल NEET ही नहीं, बल्कि JEE मेन्स की परीक्षा भी उत्तीर्ण की है। अब उनके पास मेडिकल के साथ-साथ इंजीनियरिंग में करियर बनाने का विकल्प मौजूद है। आरव ने कहा कि उनका झुकाव कंप्यूटर साइंस की ओर अधिक है, लेकिन अंतिम निर्णय सोच-समझकर लेंगे।
NEET UG 2025 परीक्षा में इस बार कुल 2209318 विद्यार्थियों ने भाग लिया था, जिनमें से 1236531 उम्मीदवारों ने परीक्षा पास की है। इनमें 1271896 लड़कियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 722462 सफल रहीं। वहीं 937411 लड़कों में से 514063 ने सफलता पाई, जबकि थर्ड जेंडर के 11 में से 6 उम्मीदवार पास हुए हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : लव जिहाद मामले में माहौल तनावपूर्ण- क्षेत्र में धारा 163 लागू, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
सभी उम्मीदवार अपना स्कोरकार्ड NTA की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in से डाउनलोड कर सकते हैं।