मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में मंगलवार शाम घटी एक घटना ने पूरे इलाके को हैरान कर दिया। शुरुआत में जिस मामले को तेंदुए के हमले से जोड़कर देखा जा रहा था- वह बाद में एक कथित जानलेवा हमले में बदल गया।

महिला पर हुआ जानलेवा हमला

थाची क्षेत्र की घायल महिला को जब होश आया तो उसने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उस पर किसी जंगली जानवर ने नहीं, बल्कि एक व्यक्ति ने हमला किया था और उसे खाई में फेंक दिया गया था।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पंचायत चुनाव : ननद को हराकर भाभी बनी प्रधान, 300 वोटों से जीती- मिठाइयां बांट मनाया खूब जश्न

गेहूं काटने गई थी महिला

जानकारी के अनुसार, टिकमु देवी मंगलवार को अपने मायके गांव गांणण में गेहूं काटने गई हुई थी। शाम करीब सात बजे वह गागण जंगल के रास्ते घर लौट रही थी। इसी दौरान जंगल की ओर से मदद के लिए चीखने और बचाओ-बचाओ की आवाजें सुनाई दीं। आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े।

तेंदुए ने कर दिया हमला

स्थानीय समाजसेवी बलदेव बंटी सराजी ने बताया कि जब ग्रामीण जंगल में पहुंचे तो सबसे पहले महिला का दुपट्टा मिला। इसके बाद रास्ते में जूते और खून के निशान दिखाई दिए। इलाके में तेंदुए की मौजूदगी पहले से रहती है, इसलिए लोगों को लगा कि शायद महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस ने 17 साल की लड़की को धमकाया, जबरन दर्ज किए बयान- अफसर समेत चार सस्पेंड

गहरी खाई में पड़ी मिली महिला

ग्रामीणों ने अंधेरा होने के बावजूद महिला की तलाश जारी रखी। करीब दो से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद महिला गहरी खाई वाले एक मुश्किल स्थान पर घायल अवस्था में मिली। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से उसे नंगवाई अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे क्षेत्रीय अस्पताल मंडी रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

महिला ने बताई आपबीती

मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब उपचार के दौरान महिला को होश आया। महिला ने बताया कि उस पर किसी जंगली जानवर ने हमला नहीं किया था, बल्कि एक व्यक्ति ने उस पर जानलेवा हमला कर उसे खाई में धक्का दे दिया। महिला के इस बयान के बाद पुलिस भी सतर्क हो गई है।

यह भी पढ़ें-हिमाचल : शादी के बाद भी नहीं सुधरी 'प्रतिभा', पुलिस ने ढेर सारे चिट्टे संग धरी- मां फरार

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस प्रभारी औट गगन कुमार ने बताया कि शुरुआती मेडिकल लीगल केस में परिजनों की ओर से महिला के जंगली जानवर के हमले में घायल होने की बात कही गई थी। अब महिला के बयान के बाद पुलिस दोबारा विस्तृत बयान दर्ज करेगी और हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जाएगी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की अपील की है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें