कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के अटल टनल में यातायात नियमों की अनदेखी एक पर्यटक को भारी पड़ गई। मनाली पुलिस ने टनल के भीतर ओवर-स्पीडिंग और गलत तरीके से ओवरटेक करने पर 3500 रुपए का चालान काटा है।
ओवरटेक करने का कटा चालान
मामला उस समय सामने आया जब उत्तर प्रदेश नंबर की एक कार टनल के अंदर रोंग साइड से ओवरटेक करती नजर आई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन का चालान कर दिया।
यह भी पढ़ें- सुबह-सवेरे हिमाचल पहुंचे राहुल गांधी : 3 राज्य के नेताओं से करेंगे मुलाकात, जानें क्या है पूरा मामला
हिमाचल पुलिस का एक्शन
नियमों के मुताबिक, अटल टनल के अंदर ओवरटेक करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। मगर इसके बावजूद चालक ने दूसरी लेन में जाकर वाहन को ओवरटेक किया। पुलिस जांच में सामने आया कि जिस गाड़ी का चालान हुआ है, वह उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी अक्षय कुमार के नाम पर पंजीकृत है। वाहन का नंबर UP-81-DZ-6835 बताया गया है।
नियमों की उड़ाई धज्जियां
DSP मनाली केडी शर्मा ने स्पष्ट किया कि टनल के भीतर वाहन रोकना, ओवरटेक करना, सनरूफ से बाहर निकलना और निर्धारित गति सीमा से तेज गाड़ी चलाना सख्त मना है। उन्होंने कहा कि इन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल के सरकारी डॉक्टर ने विदेश बैठे कपल का बदला जीवन : बच्चा न होने से थे परेशान, अब गूंजी किलकारी
लापरवाही बरत रहे कुछ लोग
उन्होंने यह भी बताया कि टनल के साउथ पोर्टल पर तैनात पुलिसकर्मी लगातार पर्यटकों को नियमों की जानकारी देते रहते हैं। साथ ही टनल के अंदर CCTV कैमरे और गति सीमा दर्शाने वाले साइन बोर्ड लगाए गए हैं, इसके बावजूद कुछ लोग लापरवाही बरतते हैं। पुलिस ने साफ किया है कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
